गोरखपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान के गोरखपुर स्थित आवास पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इस राजनीतिक मुलाकात और जमावड़े को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या उत्तर प्रदेश भाजपा अपने मजबूत दलित चेहरे की तलाश कमलेश पासवान के रूप में पूरी करती नजर आ रही है?
पढ़ें :- यूपी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य घोषित, 30 अक्तूबर को अमित शाह की मौजूदगी में होगी बैठक
कमलेश पासवान का राजनीतिक सफर भी उनकी इस दावेदारी को मजबूती देता है। वह एक बार विधायक रह चुके हैं और गोरखपुर की बांसगांव लोकसभा सीट से लगातार चौथी बार सांसद निर्वाचित हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में उन्हें केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूर्वांचल की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़, दलित समाज के बीच राजनीतिक पहचान और लगातार संसदीय जीत उन्हें भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक चेहरा बनाती है। उत्तर प्रदेश में दलित मतदाताओं का राजनीतिक महत्व किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का कमलेश पासवान के आवास पर एकत्र होना केवल शिष्टाचार मुलाकात नहीं, बल्कि इसके राजनीतिक निहितार्थ भी निकाले जा रहे हैं।
क्या भाजपा कमलेश पासवान को उत्तर प्रदेश में दलित नेतृत्व के एक बड़े चेहरे के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है? क्या आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने जा रही है? फिलहाल इन सवालों के आधिकारिक जवाब सामने नहीं आए हैं, लेकिन गोरखपुर से निकली यह राजनीतिक तस्वीर उत्तर प्रदेश भाजपा के भीतर दलित नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर नई बहस जरूर छेड़ रही है।