डिजिटल, पर्दाफाश। भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टरों में शामिल हिमांशु भाऊ को अमेरिका में FBI ने गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा के रोहतक का रहने वाला 24 वर्षीय हिमांशु लास वेगास में ठिकाना बनाकर रह रहा था। उस पर हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और हथियारों की तस्करी समेत 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पढ़ें :- संभल हिंसा का खौफनाक सच, वर्चस्व की जंग में चली थीं विदेशी गोलियां, दुबई से रची गई थी साजिश
रेड कॉर्नर नोटिस जारी था
हिमांशु के खिलाफ इंटरपोल ने 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। रिपोर्ट के अनुसार भारतीय एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया और अमेरिकी अधिकारियों को जानकारी दी।
17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम
हिमांशु भाऊ हरियाणा के रिटौली गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसने 17 साल की उम्र में जबरन वसूली से अपराध शुरू किया। 2020 में हिसार के बाल सुधार गृह से फरार होने के बाद उसका नाम कई आपराधिक घटनाओं में सामने आया। साल 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं के बाद वह सुर्खियों में आया।
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग से भी जुड़ा नाम
2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ के गिरोह ने ली थी। दिल्ली के राजौरी गार्डन में बर्गर किंग आउटलेट पर हत्या और कार शोरूम पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी गिरोह का नाम सामने आया था। उसकी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग से दुश्मनी की बात भी कही जाती है।
नीरज फरीदपुरिया भी गिरफ्तार
रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अन्य भगोड़े नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़ा गया है। आरोप है कि जमानत पर रिहा होने के बाद उसने अपने टखने में लगा निगरानी ट्रैकर हटा दिया था। हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी के बाद अब भारत प्रत्यर्पण और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।