Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दुनिया
  3. होर्मुज स्ट्रेट में क्रॉसफायरिंग के बीच, मालवाहक जहाज में फंसे एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत

होर्मुज स्ट्रेट में क्रॉसफायरिंग के बीच, मालवाहक जहाज में फंसे एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Strait of Hormuz: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास समुद्र में बड़ा हादसा हो गया। दुबई से यमन जा रहा एक मालवाहक जहाज अचानक क्रॉसफायर की चपेट में आ गया। इस घटना में गुजरात के सलाया निवासी नाविक अल्ताफ तलब केर की मौत हो गई, जबकि जहाज पर मौजूद बाकी 17 क्रू मेंबरों को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक ‘MSV अल फायज नूर सुलेमानी-1’ नाम का जहाज सामान लेकर दुबई से यमन की ओर जा रहा था। इसी दौरान होर्मुज स्ट्रेट के आसपास समुद्र में भारी फायरिंग शुरू हो गई और जहाज बीच क्रॉसफायर में फंस गया।

पढ़ें :- युद्ध के बीच ईरान के नेता का बड़ा बयान, कहा- अमेरिका और इजराइल बातचीत को लेकर नहीं है गंभीर, राष्ट्रपति ट्रंप पर भरोसा नहीं

फायरिंग से जहाज को भारी नुकसान

बताया जा रहा है कि गोलाबारी के दौरान जहाज के कई हिस्सों में बड़े छेद हो गए। लगातार फायरिंग के कारण जहाज में तेजी से पानी भरने लगा और हालात बेकाबू हो गए। उस समय अल्ताफ इंजन रूम में ड्यूटी कर रहे थे। जहाज को हुए नुकसान और अफरा-तफरी के बीच उन्हें गंभीर चोटें आईं। काफी कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद जहाज पर मौजूद बाकी नाविकों में दहशत फैल गई। समुद्र के बीच मदद के लिए संदेश भेजा गया।

राहत की बात यह रही कि पास से गुजर रहे एक दूसरे जहाज ने समय रहते बचाव अभियान शुरू किया। जहाज पर फंसे 17 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में उन्हें दुबई के सुरक्षित बंदरगाह तक पहुंचाया गया।

भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग

पढ़ें :- ईरान की पाकिस्तान को दो टूक, युद्ध विराम के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएगा कोई अधिकारी

घटना के बाद भारतीय नौकायन पोत संघ के सचिव आदम भैया ने भारत सरकार से तत्काल मदद की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव सलाया लाने की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा दुबई पहुंचे बाकी नाविकों को भी सुरक्षित वापस लाने की मांग की गई है। संगठन ने यह भी कहा है कि मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं ताकि परिवार को किसी तरह की दिक्कत न हो।

इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम एशिया के समुद्री इलाकों में बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त और संवेदनशील समुद्री मार्गों में गिना जाता है, जहां हाल के दिनों में तनाव लगातार बढ़ा है। ऐसे में समुद्र में काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Advertisement