तेलंगाना के हैदराबाद में 29 वर्षीय महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया है। वह माइंडस्पेस स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीनियर एसोसिएट के पद पर काम करती थीं। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह उनके फ्लैट में शव मिला। शुरुआती जांच में शादी को लेकर उनके और कंपनी में काम करने वाले कथित पार्टनर के बीच विवाद की बात सामने आई है।
पढ़ें :- दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेटर की बढ़ी मुश्किलें, दुष्कर्म के मामले में हाईकोर्ट ने दिया गिरफ्तारी का आदेश
शादी की बात पर हुआ था विवाद
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली अर्चना चौधरी मलिक के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार अर्चना और उनके सहकर्मी के बीच करीब चार साल से प्रेम संबंध था। बताया गया है कि युवक मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है और शादीशुदा है। उसका अपनी पत्नी से तलाक का मामला चल रहा था।
तड़के वीडियो कॉल पर हुई थी बातचीत
माधापुर पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब 2:30 बजे अर्चना ने अपने पार्टनर को वीडियो कॉल किया। उस समय युवक हैदराबाद से बाहर अपनी मां के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में था। रिपोर्ट्स के मुताबिक बातचीत के दौरान अर्चना ने पंखे से बंधी चुन्नी दिखाई और शादी को लेकर दबाव बनाया।
पढ़ें :- शादी से इनकार पर युवक ने गर्लफ्रेंड की पर चाकू मारकर हत्या की
फ्लैट पहुंचा पार्टनर, अंदर मिला शव
बताया गया है कि सुबह करीब 5:30 बजे युवक अर्चना के फ्लैट पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहां अर्चना का शव मिला। माधापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के कारणों और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।