Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. IPL
  3. सुपर ओवर में निकोलस पूरन को भेजने पर उठे सवाल, “नरेन को पूरन से ज्यादा शायद किसी ने नहीं खेला होगा”: कोच जस्टिन लेंगर

सुपर ओवर में निकोलस पूरन को भेजने पर उठे सवाल, “नरेन को पूरन से ज्यादा शायद किसी ने नहीं खेला होगा”: कोच जस्टिन लेंगर

By हर्ष गौतम 
Updated Date

IPL 2026:  आईपीएल 2026 में रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर तक चले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया। इस सीजन में एलएसजी की यह लगातार पांचवीं हार रही, जिसके बाद टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें स्थान पर पहुंच गई।
इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा सुपर ओवर के दौरान निकोलस पूरन को बल्लेबाजी के लिए भेजने के फैसले को लेकर हुई। खराब फॉर्म से जूझ रहे पूरन पूरे सीजन में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने उन्हें सुपर ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतार दिया। पूरन पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जिसके बाद इस फैसले की जमकर आलोचना होने लगी।

पढ़ें :- विवादित आउट के बाद बढ़ीं अंगकृष रघुवंशी मुश्किलें, आईपीएल ने लगाया बड़ा जुर्माना और डिमेरिट अंक दिया

हालांकि एलएसजी के हेड कोच जस्टिन लेंगर ने इस फैसले का बचाव किया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेंगर ने कहा कि उन्हें लगा था कि सुपर ओवर में सुनील नरेन के खिलाफ निकोलस पूरन सबसे बेहतर विकल्प होंगे। लेंगर ने कहा, “हम जानते थे कि सुनील नरेन गेंदबाजी करेंगे और अगर आप निकी (पूरन) के रिकॉर्ड को देखें, तो वर्ल्ड क्रिकेट में नरेन का उनसे ज्यादा सामना शायद ही किसी ने किया होगा। इसलिए हमें लगा कि वह सबसे बेहतर विकल्प होंगे। मुझे पता था कि वह फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन हमने सोचा कि अगर कोई सुपर ओवर संभाल सकता है तो वह निकी पूरन ही हैं। आप अपने बेस्ट खिलाड़ियों का साथ देते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “वह संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आंकड़ों के हिसाब से नरेन जैसे वर्ल्ड क्लास स्पिनर को निकी से बेहतर कोई नहीं खेल सकता। दुर्भाग्य से इस बार ऐसा नहीं हो पाया।” निकोलस पूरन को सुपर ओवर में भेजने के फैसले की आलोचना इसलिए भी हो रही है क्योंकि सुपर ओवर में उनका रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। आईपीएल 2026 में वह पहले से ही लय में नहीं दिख रहे थे। इस मैच में भी उन्होंने 12 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाए और वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। इससे पहले भी वह चार बार सुपर ओवर में बल्लेबाजी कर चुके थे, जहां 9 गेंदों में सिर्फ 1 रन बना पाए थे। रविवार को भी वह नरेन की पहली ही गेंद पर आउट हो गए।

इससे पहले केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिंकू सिंह के नाबाद 83 रनों की बदौलत 7 विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में एलएसजी की टीम भी 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन ही बना सकी और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में केकेआर की ओर से सुनील नरेन ने गेंदबाजी की। एलएसजी की तरफ से निकोलस पूरन और ऐडन मार्करम बल्लेबाजी के लिए उतरे। नरेन ने पहली ही गेंद पर पूरन को आउट कर दिया। इसके बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए और 1 रन लिया। तीसरी गेंद पर मार्करम भी आउट हो गए। इस तरह एलएसजी ने सुपर ओवर में सिर्फ 2 रन बनाए। केकेआर को जीत के लिए 2 रन का आसान लक्ष्य मिला। पहली ही गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़कर टीम को शानदार जीत दिला दी।

पढ़ें :- ऋषभ पंत ने मानी कप्तानी की गलती, बताया किसने भेजा पूरन को सुपर ओवर खेलने
Advertisement