लखनऊ : यूपी में जल जीवन मिशन योजना में हुआ भ्रष्टाचार बीजेपी सरकार के विकास की पूरी कहानी बयां करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। टंकियों में पानी भरते ही ‘विकास’ बहने लगता है या यूं कहें धराशायी होने लगता है। ये जनता को तो दिख रहा है, लेकिन भाजपा सरकार और शासन में बैठे उच्चाधिकारियों को नहीं दिखाई देता है। अभी हाल ही में प्रदेश सरकार अफसरों की बड़ी फौज भेजकर जल जीवन मिशन योजना की हकीकत जांचने के लिए जिलों में भेजी थी।
पढ़ें :- लखनऊ में एआई सिटी के जरिए टेक्नोलॉजी हब बनाने की तैयारी तेज, योगी सरकार ने बढ़ाए कदम
अब तो जनता भी कह रही है कि जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है और जिम्मेदार कहां छान रहे खाक ? बतातें चलें कि सरकार के हर घर को नल के जरिए पानी पहुंचाएं जाने की मंशा पर पानी फेरते हुए भारी चपत लगाई जा रही है। समय रहते यदि जांच कराई गई तो जल जीवन मिशन योजना में एक बड़ा गड़बड़झाला और भ्रष्टाचार सामने आएगा।
अभी हाल में यूपी के मिर्जापुर जिले के विकास खण्ड जमालपुर के ग्राम सभा-मुड़हुआं में देखने को आया है। जहां शासन के तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए जल जीवन मिशन परियोजना के तहत बनवाए गए पानी टंकी में निमार्ण की गुणवत्ता की पोल खोल इसकी उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि मानक को दरकिनार कर भ्रष्टाचार कमीशनखोरी की भेंट चढ़ चुके इस पानी टंकी से पानी टपकने लगा है। साथ ही साथ निर्माण में गुणवत्ता को दरकिनार कर कार्य कराए जाने के कारण जर्जर और कमजोर होने की भी आशंका बढ़ गई है। जल जीवन मिशन के पानी टंकी में पानी भरने पर झरने की तरह टंकी से पानी गिरने लगता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी टंकी में लीकेज नजर में न आए। इसके लिए कार्यदाई संस्था द्वारा टंकी में पानी न भरकर सीधे पंपों से घरों में पानी सप्लाई किया जा रहा है। जिसके चलते कम दबाव के कारण घरों में लगे नलों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कुछ इसी तरह का हाल विकास खण्ड जमालपुर में जल जीवन मिशन के तहत नवनिर्मित सभी पानी टंकियों का है। पाइप लाइन भी काफी जर्जर है, प्रतिदिन लीकेज मरम्मत के नाम पर सड़कें, गलियां खोदी जा रही है। पाइप लाइन डालने के समय ही खोदकर छोड़े गए रास्ते अभी तक ठीक नहीं हुए और अब मरम्मत के नाम पुनः रास्ते खोदे जा रहे हैं।
पढ़ें :- एयर शो के लिए संवर रही काशी, दीवारों पर उकेरी जा रही गंगा घाटों की छटा, डिवाइडर पर लगेंगे डमरू, त्रिशूल और ॐ के झंडे
शासन और कार्यदाई संस्था की घोर लापरवाही के चलते भाजपा का अति महत्वाकांक्षी परियोजना जल जीवन मिशन ग्रामीणों के लिए इस समय जीवन संकट मिशन बन गया है। गांववासियों को शुद्ध पेयजल तो मिलने से रहा, बदले में जर्जर सड़कें हमेशा के लिए मिल गई हैं।
इस संबंध में अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने जल जीवन मिशन योजना के कारण जर्जर हुए रास्तों का अतिशीघ्र मरम्मत कराते हुए शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने और पानी टंकी निर्माण में हुए भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी की जांच कराकर इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।