बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी आमिर खान की फिल्म 'दंगल' (Dangal) ने एक दशक पहले भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर एक नया कीर्तिमान रच दिया था। भारत में रिलीज होने के ठीक एक साल बाद जब 2017 में इसे चीन के सिनेमाघरों में उतारा गया, तो वहां के दर्शकों ने इसे सिर आंखों पर बिठाया और फिल्म की कमाई आसमान छूने लगी।
नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ (Dangal) ने एक दशक पहले भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनकर एक नया कीर्तिमान रच दिया था। भारत में रिलीज होने के ठीक एक साल बाद जब 2017 में इसे चीन के सिनेमाघरों में उतारा गया, तो वहां के दर्शकों ने इसे सिर आंखों पर बिठाया और फिल्म की कमाई आसमान छूने लगी।
बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर 2000 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार करने वाली ‘दंगल’ (Dangal) का रिकॉर्ड आज भी अटूट है, जिसे अब तक कोई दूसरी भारतीय फिल्म छू भी नहीं पाई है। फिल्म की रिलीज को 10 साल बीत चुके हैं और इस दौरान कई बड़ी फिल्मों ने इसके कलेक्शन को पछाड़ने की पूरी कोशिश की और काफी करीब भी पहुंचीं, लेकिन आखिर में सब पीछे ही रह गईं।
एसएस राजामौली (SS Rajamouli) की ‘बाहुबली 2’ और ‘आरआरआर’, सुकुमार की ‘पुष्पा 2’, ‘केजीएफ 2’, ‘धुरंधर’ सीरीज, ‘जवान’, ‘पठान’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने 1000 करोड़ का आंकड़ा तो पार कर लिया, लेकिन 2000 करोड़ का क्लब अब भी एक सपना बना हुआ है। मगर अब नितेश तिवारी की ‘रामायण: पार्ट 1’ इस जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की तूफानी रफ्तार देखकर लग रहा है कि यह इतिहास रचने को तैयार है।
‘रामायण’ ने रिलीज के महज 24 दिनों में दुनियाभर में 1814 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर ‘धुरंधर 2’ के 1813 करोड़ के लाइफटाइम रिकॉर्ड को पछाड़ दिया है। अब इसके आगे सिर्फ ‘दंगल’ है, जिसने 2070 करोड़ कमाकर 10 साल से नंबर 1 की कुर्सी संभाली हुई है। वीकेंड पर ‘रामायण’ की कमाई में आ रहे जबरदस्त उछाल को देखते हुए उम्मीद है कि यह जल्द ही 2000 करोड़ का आंकड़ा भी छू लेगी।
खास बात यह है कि 4 दिसंबर को सलमान खान की ‘मातृभूमि’ और 24 दिसंबर को शाहरुख खान की ‘किंग’ के आने तक ‘रामायण’ के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है। वैसे, अगर यह फिल्म ‘दंगल’ का रिकॉर्ड नहीं भी तोड़ पाती, तब भी नितेश तिवारी के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। वह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप-2 फिल्मों के इकलौते डायरेक्टर बन जाएंगे।
1000 करोड़ क्लब वाली फिल्मों ने जब तक बॉक्स ऑफिस का गणित नहीं बदला था, तब तक कई निर्देशकों की एक से ज्यादा फिल्में भारतीय सिनेमा की टॉप-10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शुमार थीं। एक दौर ऐसा भी था जब एसएस राजामौली की 3 फिल्में- ‘बाहुबली’, ‘बाहुबली 2’ और ‘आरआरआर’ एक साथ टॉप चार्ट्स पर राज कर रही थीं।
इसी तरह राजकुमार हिरानी के नाम भी ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’ और ‘संजू’ जैसी तीन ब्लॉकबस्टर फिल्में दर्ज थीं. इनके अलावा कबीर खान की ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’, सिद्धार्थ आनंद की ‘वॉर’ और ‘पठान’ और विजय कृष्ण आचार्य की ‘धूम 3’ और ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ की भी दो-दो फिल्मों ने इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई थी।
बताते चलें कि ‘रामायण’ को दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया. नमित मल्होत्रा और यश के बैनर तले बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अहम किरदारों में नजर आते हैं। मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट को साल 2028 में रिलीज करने की योजना बनाई है।