Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. मणिपुर एक बार फिर जल उठा, कांगपोकपी में हथियारबंद बदमाशों ने आठ से नौ घरों में लगाई आग

मणिपुर एक बार फिर जल उठा, कांगपोकपी में हथियारबंद बदमाशों ने आठ से नौ घरों में लगाई आग

By santosh singh 
Updated Date

कांगपोकपी। मणिपुर (Manipur) के कांगपोकपी जिले (Kangpokpi district) से एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। टोकपा लियांगमेई नगा गांव (Tokpa Liangmei Naga Village) में मंगलवार रात हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर कई राउंड फायरिंग की और करीब 8 से 9 घरों में आग लगा दी। अचानक हुई गोलीबारी और आगजनी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

पढ़ें :- मणिपुर में फिर हिंसा, नागा संगठनों का 48 घंटे का अल्टीमेटम, मृतक का सिर लौटाने की मांग

जानकारी के मुताबिक, हमलावर रात करीब 10 बजे गांव में पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और कई मकानों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि आग लगाए गए ज्यादातर घर कच्चे थे, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई और कई मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें घरों से उठती आग की लपटें दिखाई दे रही हैं।

हालांकि राहत की बात यह है कि इस हमले में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद सुरक्षा बलों को इलाके में तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक हमलावरों की पहचान सामने नहीं आई है। वहीं कुकी छात्र संगठन ने भी इस घटना की निंदा करते हुए आम लोगों के घर जलाए जाने को शांति के लिए गंभीर खतरा बताया है। संगठन ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

गौरतलब है कि मणिपुर मई 2023 से जातीय हिंसा का सामना कर रहा है। इस हिंसा में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और बड़ी संख्या में लोग घायल और विस्थापित हुए हैं।

फिलहाल कांगपोकपी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लगातार हिंसा का सामना कर रहे मणिपुर में आम लोगों की सुरक्षा कब पूरी तरह सुनिश्चित होगी?

पढ़ें :- मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, कामजोंग में महिला की मौत, जारी है गोलीबारी

रिपोर्ट: कल्पना पांडेय

Advertisement