मणिपुर के कांगपोकपी जिले में एक कुकी-जो समुदाय के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, इस राज्य के कई अलग-अलग हिस्सों से आगजनी और विरोध-प्रदर्शन की खबरें भी सामने आई हैं।
इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में एक कुकी-जो समुदाय के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, इस राज्य के कई अलग-अलग हिस्सों से आगजनी और विरोध-प्रदर्शन की खबरें भी सामने आई हैं।
सूत्रों से मिली प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 45 वर्षीय पाओलेन खोंगसाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे तभी उन्हें गोली मार दी गई। उनके साथ मौजूद व्यक्ति इस हमले में सुरक्षित बच गया।
तीन मैतेई लोगों की हत्या के बाद बढ़ा तनाव
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इससे पहले इंफाल ईस्ट जिले में तीन मैतेई लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए थे। बता दें कि लगातार हो रही गोलीबारी और हत्याओं के बाद राज्य में तनाव और बढ़ गया है। इन घटनाओं के विरोध में पांच जिलों में बंद का असर देखने को मिला। इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में बाजार, दुकानें और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। इसके अलावा यहां सार्वजनिक परिवहन और सामान्य गतिविधियों पर भी बंद का असर पड़ा।
कई इलाकों में आगजनी की खबर
इस हिंसा के बीच उखरुल जिले में कई घरों को आग लगाने की खबर सामने आई है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों की तैनाती भी बढ़ाई गई है। वहीं, कुकी-जो संगठन Committee on Tribal Unity (CoTU) ने पाओलेन खोंगसाई की हत्या के विरोध में कांगपोकपी में बंद का आह्वान किया है।
पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी
संवेदनशील इलाकों में मणिपुर पुलिस की ओर से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालिया हिंसा से जुड़े मामलों में कुछ लोगों को गिरफ्तार किए जाने और हथियार व गोला-बारूद बरामद किए जाने की भी जानकारी मिली है।
आपको बता दें कि मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा, गोलीबारी और आगजनी ने राज्य में शांति बहाली की कोशिशों के सामने एक बार फिर चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल, प्रशासन की प्राथमिकता हिंसा को और फैलने से रोकना और संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।