Mathura Road Accident : यूपी के मथुरा में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां नेशनल हाइवे पर खड़े ट्रक से स्विफ्ट कार टकरा गयी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी। जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे की चपेट में आए लोग मध्य-प्रदेश के रहने वाले हैं।
पढ़ें :- Mathura: यमुना एक्सप्रेसवे पर कई वाहनों की टक्कर के बाद सात बसों में लगी आग; 4 की मौत, 25 घायल
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नेशनल हाइवे- 19 पर थाना जैंत के छटीकरा के पास हुआ। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि ट्रक से टक्कर के बाद कार के आगे हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्विफ्ट कार का RTO कोड मध्य-प्रदेश के भिंड जिले है, जिसके नंबर-प्लेट पर MP 30 ZJ 2690 लिखा है। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के अंदर फंसे घायलों को निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में डॉक्टर्स ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया है। जबकि तीन घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने में जुटी है। अभी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।