वैसे अभिभावक जो दिल्ली में अपने बच्चों का नर्सरी स्कूल में दाखिला कराने की तैयारी कर रहे है, उनके लिए एक बड़ी खबर है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए निजी और गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त स्कूलों में एंट्री-लेवल कक्षाओं के एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया है।
नई दिल्ली। वैसे अभिभावक जो दिल्ली में अपने बच्चों का नर्सरी स्कूल में दाखिला कराने की तैयारी कर रहे है, उनके लिए एक बड़ी खबर है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए निजी और गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त स्कूलों में एंट्री-लेवल कक्षाओं के एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया है।
इसके मुताबिक, नर्सरी एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी और 28 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसका मतलब है कि अभिभावकों को आवेदन के लिए करीब चार सप्ताह का समय मिलेगा। बता दें कि इस बार एडमिशन प्रक्रिया में नर्सरी के साथ LKG और UKG कक्षाएं भी शामिल होंगी।
एडमिशन का पूरा शेड्यूल
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, स्कूलों के एडमिशन क्राइटेरिया और पॉइंट सिस्टम अपलोड करने की शुरुआत 23 नवंबर 2026 यानी आज से होगी। इसके अलावा 1 दिसंबर 2026 को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी और आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 28 दिसंबर 2026 होगी।
4 जनवरी 2027: आवेदन करने वाले बच्चों और उन्हें मिले पॉइंट्स की सूची जारी।
5 से 11 जनवरी 2027: पॉइंट्स को लेकर अभिभावक अपनी आपत्ति या शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
12 जनवरी 2027: अंतिम पॉइंट लिस्ट जारी।
20 जनवरी 2027: पहली चयन सूची और वेटिंग लिस्ट जारी।
5 फरवरी 2027: दूसरी चयन सूची जारी।
22 फरवरी 2027: खाली सीटों के लिए अगली सूची जारी की जाएगी।
12 मार्च 2027: एडमिशन प्रक्रिया समाप्त होगी।
नर्सरी एडमिशन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले अभिभावकों को कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। इनमें बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate), बच्चे का आधार कार्ड, यदि उपलब्ध हो, माता-पिता का आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र, दिल्ली में निवास का प्रमाण (Residence Proof), राशन कार्ड या स्मार्ट कार्ड, जिसमें बच्चे का नाम दर्ज हो, माता-पिता का वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट या डोमिसाइल सर्टिफिकेट, बिजली, पानी या टेलीफोन का हालिया बिल, बच्चे और माता-पिता की पासपोर्ट साइज फोटो और सभी जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी शामिल हैं।
लेकिन ध्यान रहे कि हर स्कूल की ओर से मांगे जाने वाले दस्तावेज अलग हो सकते हैं। इसलिए आवेदन से पहले संबंधित स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देश जरूर देख लें।
कितनी होनी चाहिए बच्चे की उम्र?
दिल्ली शिक्षा विभाग के जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, 31 मार्च 2027 तक उम्र की सीमा इस प्रकार निर्धारित की गई है:
नर्सरी: 3 साल या उससे अधिक और 4 साल से कम।
LKG: 4 साल या उससे अधिक और 5 साल से कम।
UKG: 5 साल या उससे अधिक और 6 साल से कम।
रजिस्ट्रेशन फीस कितनी होगी?
अभिभावकों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि स्कूल आवेदन के लिए अधिकतम 25 रुपये नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस ले सकते हैं। वहीं, स्कूल का प्रॉस्पेक्टस खरीदना जरूरी नहीं होगा, यह पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा। इसके अलावा, निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में एंट्री-लेवल की 25 प्रतिशत सीटें EWS/DG और दिव्यांग बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। इन श्रेणियों के दाखिले की प्रक्रिया अलग से निर्धारित की जाएगी।
अभिभावक इन बातों का रखें ध्यान
अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले अपने पसंदीदा स्कूल की वेबसाइट पर एडमिशन क्राइटेरिया और पॉइंट सिस्टम जरूर चेक करें। अलग-अलग स्कूलों में दूरी, भाई-बहन के उसी स्कूल में पढ़ने और अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर पॉइंट दिए जा सकते हैं।
साथ ही आधिकारिक जानकारी और एडमिशन से जुड़े नोटिस के लिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट edudel.nic.in पर जा सकते हैं।