Viral-Video: राजस्थान के नागौर के मारवाड़ मूंडवा में आधी रात ATM लूटने पहुंचे दो बदमाश खुद ही बूथ के अंदर फंस गए। दोनों लाखों रुपये निकालने की तैयारी में थे, लेकिन बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम से मिले अलर्ट ने पूरी योजना बिगाड़ दी। सूचना मिलने के बाद UCO बैंक की ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ मौके पर पहुंचीं और बाहर से ATM का शटर गिरा दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
पढ़ें :- पंजाब के ड्रग संकट पर सियासी संग्राम, हरभजन सिंह के वीडियो पर मंत्री बलजीत कौर का पलटवार
घटना रविवार देर रात नागौर रोड स्थित UCO बैंक के ATM की है। उस समय मशीन में 16 लाख 900 रुपये से ज्यादा कैश मौजूद था। बैंक में प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए ATM में पर्याप्त नकदी रखी गई थी।
गैस कटर लेकर पहुंचे थे, लेकिन ATM तक नहीं पहुंच सके
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूरी तैयारी के साथ बूथ में दाखिल हुए थे। उनके पास गैस कटर और दूसरे औजार थे। दोनों ATM से कैश निकालने की कोशिश में थे, लेकिन उससे पहले ही बैंक के सुरक्षा सिस्टम ने संदिग्ध गतिविधि पकड़ ली। ई-सर्विलांस से सूचना मिलने के बाद बैंक की सुरक्षा टीम ने ब्रांच मैनेजर को जानकारी दी। सारिका चौधरी ने अपने पति के साथ ATM पहुंचकर बाहर से शटर बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी।
ATM उखाड़ने पहुंचे बदमाशों को ATM ने ही भेजवाया जेल, हेड ऑफिस में भेजा अलर्ट और 5 मिनट में पकड़े गए चोर।
नागौर, राजस्थान। राजस्थान के नागौर जिले में ATM उखाड़ने की कोशिश कर रहे बदमाशों को पुलिस ने महज कुछ ही मिनटों में पकड़ लिया। बदमाश ATM को उखाड़कर ले जाने की कोशिश में थे, तभी…
— NCIB Headquarters (@NCIBHQ) September 29, 2026
2:13 बजे पहुंची पुलिस की सूचना
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना रात करीब 2 बजकर 13 मिनट पर मिली। मौके पर पहुंची मारवाड़ मूंडवा थाना पुलिस ने बूथ के अंदर मौजूद दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ATM तोड़ने के लिए लाए गए उपकरण भी बरामद किए हैं। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि वारदात की योजना कैसे बनाई गई और इसमें उनके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
ढाबा संचालक और उसका कर्मचारी निकले आरोपी
थाना प्रभारी पूरबाराम के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है। भरत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसके यहां काम करता है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों किसी दूसरे व्यक्ति की मोटरसाइकिल से ATM तक पहुंचे थे। पुलिस ने बाइक मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसे आरोपियों की योजना की जानकारी थी या नहीं।
16 लाख से ज्यादा कैश बचा
अगर ई-सर्विलांस से समय पर अलर्ट नहीं मिलता और ब्रांच मैनेजर मौके पर नहीं पहुंचतीं, तो ATM में रखा 16 लाख रुपये से ज्यादा का कैश खतरे में पड़ सकता था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।