Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दुनिया
  3. Nepal Curfew lifted : काठमांडू में हटाया गया कर्फ्यू , 100 से अधिक राजशाही समर्थक गिरफ्तार

Nepal Curfew lifted : काठमांडू में हटाया गया कर्फ्यू , 100 से अधिक राजशाही समर्थक गिरफ्तार

By अनूप कुमार 
Updated Date

Nepal Curfew lifted : पर्वतीय राष्ट्र नेपाल में अधिकारियों ने शनिवार (29 मार्च, 2025) को काठमांडू के पूर्वी हिस्से में सुरक्षाकर्मियों और राजशाही समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पों के बाद लगाए गए कर्फ्यू क्षेत्र में तनाव कम होने के बाद हटा लिया।
खबरों के अनुसार,काठमांडू के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को उस समय तनाव पैदा हो गया था जब राजशाही समर्थक प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया था, एक राजनीतिक पार्टी के कार्यालय पर हमला कर दिया था, कई वाहनों में आग लगा दी थी तथा राजधानी के तिनकुने क्षेत्र में दुकानों में लूटपाट की थी।

पढ़ें :- US lifts ban on Iranian oil : अमेरिका ने ईरानी तेल पर से हटाया बैन ,  माना जा रहा वैश्विक बाजार में बड़ा भूचाल

इस हिंसक झड़प में दो लोग की मौत हुई, जिनमें एक टीवी कैमरामैन भी शामिल था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाद में सेना को बुलाया गया। काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय द्वारा जारी एक नोटिस के अनुसार, शुक्रवार को शाम 4.25 बजे से लागू कर्फ्यू को शनिवार सुबह 7 बजे हटा लिया गया।

पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन के दौरान मकानों को जलाने और वाहनों में तोड़फोड़ करने के आरोप में 105 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। प्रदर्शनकारी राजशाही की बहाली और हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन के संयोजक दुर्गा प्रसाई के सुरक्षा बैरिकेड तोड़कर बुलेटप्रूफ वाहन पर सवार होकर बानेश्वर की ओर बढ़ने के बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया। बानेश्वर में संसद भवन स्थित है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के महासचिव धवल शमशेर राणा और पार्टी के केंद्रीय सदस्य रवींद्र मिश्रा शामिल हैं। काठमांडू जिला पुलिस रेंज के पुलिस अधीक्षक अपिल बोहरा ने बताया कि शुक्रवार के हिंसक प्रदर्शन के पीछे मुख्य व्यक्ति प्रसाई अब भी फरार है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की घटना में 53 पुलिसकर्मी, सशस्त्र पुलिस बल के 22 जवान और 35 प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।

हिंसक प्रदर्शनों के दौरान 14 इमारतों में आग लगा दी गई और नौ इमारतों में तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा नौ सरकारी वाहनों को आग लगा दी गई और छह निजी वाहनों में तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने तिनकुने इलाके में कांतिपुर टेलीविजन भवन और ‘अन्नपूर्णा मीडिया हाउस’ पर भी हमला किया। नेपाल के राजनीतिक दलों ने 2008 में संसद की घोषणा के माध्यम से 240 साल पुरानी राजशाही को समाप्त कर करके तत्कालीन हिंदू राष्ट्र को एक धर्मनिरपेक्ष, संघीय, लोकतांत्रिक गणराज्य में बदल दिया था।

पढ़ें :- Keir Starmer Resigns: ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा उल्टफेर, प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने अपने पद से दिया इस्तीफा
Advertisement