Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. जिंदगी और मौत से जंग लड़ चुके हैं पाकिस्तानी सिंगर, शाहरुख खान के ‘मितवा’ गाने से हुए थे मशहूर सिंगर शफकत अमानत अली, ब्लड कैंसर का हुआ था शिकार

जिंदगी और मौत से जंग लड़ चुके हैं पाकिस्तानी सिंगर, शाहरुख खान के ‘मितवा’ गाने से हुए थे मशहूर सिंगर शफकत अमानत अली, ब्लड कैंसर का हुआ था शिकार

By Sushil Sah 
Updated Date

एंटरटेनमेंट डेस्क, लखनऊ। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ का मशहूर गाना ‘मितवा’ को अपनी आवाज देने वाले पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। सिंगर ने खुलासा किया है कि वह मल्टीपल मायलोमा नाम के ब्लड कैंसर से जूझ चुके हैं। उन्होंने बताया कि बीमारी के दौरान उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें करीब एक साल तक बिस्तर पर रहना पड़ा।

पढ़ें :- शाहरुख खान ने मुश्किल वक्त में 'जोश' के को-स्टार शरद कपूर को किया फोन, बोले- 'तुम्हें जो करना है वो करो, मैं मदद के लिए तैयार हूं'

एक साल तक बेड रेस्ट पर रहे शफकत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शफकत अमानत अली ने बीते 17 नवंबर 2026 को पाकिस्तान के कराची में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा नाम का कैंसर हुआ था। इस बीमारी की खबर ने उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को भी झकझोर दिया था।

सिंगर के मुताबिक, बीमारी के लक्षणों का समय रहते पता चल गया था, लेकिन सही इलाज तक पहुंचने के लिए उन्हें कई डॉक्टरों से सलाह लेनी पड़ी। आखिरकार कराची में उन्हें उचित इलाज मिला। इस दौरान उन्होंने कीमोथेरेपी कराई और करीब एक साल तक बेड रेस्ट पर रहे।

अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ इलाज

पढ़ें :- शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का पहला गाना यूट्यूब पर मचाया धमाल, फैंस जमकर लुटा रहे हैं प्यार

शफकत ने अपनी हेल्थ अपडेट में बताया कि कीमोथेरेपी का एक चरण पूरा होने के बाद उन्होंने लाहौर में लाइव परफॉर्मेंस के जरिए वापसी की। हालांकि, लंबे समय तक बीमारी और इलाज से गुजरने के बाद स्टेज पर लौटना उनके लिए शारीरिक रूप से काफी मुश्किल था। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि फिलहाल वह मेंटेनेंस थेरेपी पर हैं, जिसके तहत हर सप्ताह हल्की कीमोथेरेपी दी जा रही है। इसके अलावा उन्हें स्टेम सेल थेरेपी से भी गुजरना है। उन्होंने अपनी स्थिति को लेकर कहा कि वह ठीक हो चुके हैं, लेकिन आगे का इलाज अभी बाकी है।

28 नवंबर को कराची में करेंगे लाइव परफॉर्मेंस

बीमारी के मुश्किल दौर से गुजरने के बाद अब शफकत अमानत अली एक बार फिर संगीत की दुनिया में सक्रिय होने जा रहे हैं। उनका अगला लाइव कॉन्सर्ट अगामी 28 नवंबर 2026 को कराची के बीच लग्जरी होटल में आयोजित होना है। इसके बाद इस्लामाबाद और लाहौर में भी उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

‘मितवा’ गाने से भारत में मिली थी खास पहचान

आपको बता दें कि शफकत अमानत अली पाकिस्तान के मशहूर पटियाला घराने से ताल्लुक रखते हैं। वह पाकिस्तानी म्यूजिक बैंड Fuzon के प्रमुख गायक भी रह चुके हैं।

पढ़ें :- शाहरूख खान की 'किंग' के टीजर का इंतजार खत्म, SRK के बर्थडे से पहले मन्नत में दिखी खास तैयारी

भारत में उन्हें खास पहचान साल 2006 में आई शाहरुख खान की फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ के गाने ‘मितवा’ से मिली थी। इसके अलावा उन्होंने ‘तेरे नैना’, ‘बिन तेरे’, ‘ये हौसला’ और ‘दिलदारा’ जैसे लोकप्रिय गानों को भी अपनी आवाज दी है। उन्हें साल 2008 में पाकिस्तान के प्रतिष्ठित ‘प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

फिलहाल, सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद शफकत अमानत अली ने संगीत की दुनिया में वापसी शुरू कर दी है। हालांकि, उनकी स्टेम सेल थेरेपी और मेंटेनेंस ट्रीटमेंट अभी भी बाकी है।

Advertisement