Women’s Reservation Bill : केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन (131वां संशोधन) बिल पास न होने पर देश की सियासत गरमा गयी है। भाजपा और उसके सहयोगी विपक्षी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं। जिस पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मोदी सरकार को महिलाओं वाला पुराना बिल, जिसे सभी पार्टियों ने पास किया था, सोमवार को ही तुरंत लाना चाहिए।
पढ़ें :- PM Modi Address Nation : पीएम मोदी आज रात 8: 30 बजे देश को करेंगे संबोधित,आरक्षण बिल पर रख सकते हैं सरकार का पक्ष
प्रियंका गांधी ने शनिवार को मीडिया से कहा, “सोमवार को संसद सत्र बुलाइए, बिल पेश कीजिए और फिर देखते हैं कि महिलाओं का विरोधी कौन है। हम सभी इस बिल के पक्ष में वोट देंगे और इसका समर्थन करेंगे।’ लोकसभा में संविधान संशोधन (131वां संशोधन) बिल के गिरने पर, प्रियंका ने कहा, “इसमें जश्न मनाने जैसा कुछ नहीं है। बल्कि, हमारा मानना है कि हमने लोकतंत्र की रक्षा की है, क्योंकि उनकी साज़िश बिल्कुल अलग थी। मैंने अपने भाषण में साफ़-साफ़ बताया था कि उनकी योजना क्या थी। हमने परिसीमन को लेकर उनकी साज़िश को नाकाम कर दिया है… पूरा विपक्ष इस बात पर एकमत है कि आपको पहले वाला कानून ही लागू करना चाहिए।”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “आपने तीन साल तक कुछ न करने के बाद, अभी दो दिन पहले ही एक नोटिफिकेशन जारी किया है। अब उसे लागू कीजिए। हमें कोई आपत्ति नहीं है। जहाँ तक महिला आरक्षण का सवाल है, हम पूरी मज़बूती से इसके समर्थन में खड़े रहे हैं। लेकिन जिस तरह से इसे पेश किया गया है, और जिस तरह की साज़िश वे हमारे लोकतंत्र और हमारे देश की एकता के खिलाफ रचने की कोशिश कर रहे हैं, हम उसका कभी समर्थन नहीं कर सकते।”