मुंबई। फिल्म और टेलीविजन जगत के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत )Renowned Bollywood actor Pradeep Rawat) का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर (Blood cancer) से जूझ रहे थे और मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल (Kokilaben Hospital) में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार शाम इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
पढ़ें :- Gandhari Teaser : तापसी पन्नू की अपकमिंग फिल्म गांधारी का धांसू टीजर रिलीज, इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम
जानकारी के मुताबिक प्रदीप रावत पिछले करीब पांच वर्षों से कैंसर का इलाज करा रहे थे। उपचार के बाद उनकी सेहत में कुछ समय के लिए सुधार हुआ था, लेकिन कुछ महीने पहले बीमारी दोबारा उभर आई। बीते दो महीनों से वह अस्पताल में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जा सकता है।
प्रदीप रावत ने अपने लंबे अभिनय करियर में फिल्मों और टीवी की दुनिया में कई यादगार किरदार निभाए। उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाई। इसके बाद वह चंद्रकांता, तहकीकात, युग और गुल सनोबर जैसे चर्चित टीवी शो में भी दिखाई दिए।
फिल्मों में प्रदीप रावत को खास पहचान उनकी दमदार आवाज, प्रभावशाली व्यक्तित्व और खलनायक के किरदारों से मिली। आमिर खान की फिल्म गजनी में निभाया गया उनका विलेन वाला रोल आज भी दर्शकों को याद है। वह लगान, सरफरोश, आवारापन, बैजू बावरा और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहे।
उन्होंने सिर्फ हिंदी सिनेमा तक खुद को सीमित नहीं रखा। तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपने अभिनय का प्रभाव छोड़ा। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म ‘छावा’ थी, जो फरवरी 2025 में रिलीज हुई थी।
पढ़ें :- ताइवानी सुपरस्टार चेंग चांग फैन को भारतीय लड़की से हुआ प्यार, इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर की रिलेशनशिप की पुष्टि
अभिनेता सोनू सूद समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि दी। उनके निधन के साथ भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपने अलग अंदाज से दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।
रिपोर्ट : कल्पना पांडेय