ऋषिकेश: ऋषिकेश में घूमने आए उत्तर प्रदेश के अमरोहा के दो युवक गंगा नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसा लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के प्रतिबंधित डबल ट्रिपल बीच इलाके में हुआ, जहां चार दोस्त गुरुवार शाम को घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नदी किनारे फोटो खींचने के दौरान दोनों युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गंगा की तेज धारा में समा गए। डूबने वाले युवकों की पहचान मोहम्मद फैजान (25) और मोहम्मद कैफ (19) निवासी नौगावां सादात, अमरोहा के रूप में हुई है। दोनों अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे। घटना के दौरान उनके साथी उन्हें बचाने के लिए नदी की ओर दौड़े, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों तक पहुंचना संभव नहीं हो सका।
पढ़ें :- योगी सरकार ने 18 IPS अफसरों का किया तबादला, प्रीतिबाला गुप्ता को ATS एसपी बनाया, सतीश कुमार को SSF का जिम्मा
दोस्तों की आंखों के सामने हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक नदी किनारे खड़े होकर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में चले गए। कुछ ही सेकेंड में तेज धारा उन्हें अपने साथ बहाकर ले गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी गई।
डीप डाइवरों की मदद से तलाश जारी
SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुक्रवार सुबह से डीप डाइवरों और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वह प्रतिबंधित क्षेत्र है और वहां पहले से लोगों के जाने पर रोक लगी हुई है। एसडीआरएफ ने पर्यटकों से अपील की है कि नदी किनारे सेल्फी या फोटो लेते समय सावधानी बरतें और प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें, क्योंकि गंगा का बहाव अचानक बेहद खतरनाक हो सकता है।