Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दुनिया
  3. रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का हमला, 12 की मौत, 309 घायल: 225 उड़ानें रद्द

रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का हमला, 12 की मौत, 309 घायल: 225 उड़ानें रद्द

By Harsh 
Updated Date

डिजिटल पर्दाफाश।  सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले ने पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है। शनिवार को हुए इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 309 लोग घायल हुए हैं। सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने रविवार को हताहतों की संख्या की पुष्टि की। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। हमले के बाद हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

पढ़ें :- रियाद में 'किंग खालिद एयरपोर्ट' पर एयरपोर्ट पर हमले के बाद हड़कंप, 300 से ज्यादा उड़ानें रद्द

मृतकों में चार सऊदी नागरिक और दो बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। इनके अलावा अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फिलिस्तीन और सूडान के एक-एक नागरिक की भी जान गई है। हमले से एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा है और अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

ट्रम्प ने दिए सैन्य कार्रवाई के संकेत

हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के साथ मिलकर सैन्य कार्रवाई करने की संभावना से इनकार नहीं किया। उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका इस अभियान में सऊदी अरब का साथ देगा। इस पर ट्रम्प ने कहा कि ऐसा हो सकता है और अमेरिका तेजी से कार्रवाई करता है। उन्होंने हमले को बेहद भयानक बताया और सऊदी सैनिकों की क्षमता की भी सराहना की।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी सऊदी अरब पर हूती हमलों की निंदा की है। दूसरी ओर यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हमले का जवाब देने की चेतावनी दी है। इससे संघर्ष के और बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।

एयरपोर्ट बंद, सैकड़ों उड़ानें प्रभावित

हमले के कारण रियाद आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। विमानन संबंधी आंकड़ों के अनुसार शनिवार को 24 घंटे के भीतर 225 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं। कई विमानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा, जबकि यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भारत की एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो समेत कई विमानन कंपनियों ने सुरक्षा कारणों से रियाद की उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दीं। एयर इंडिया की दिल्ली से रियाद जा रही एक उड़ान को रास्ते से वापस लौटना पड़ा। एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेवाओं की समीक्षा शुरू की।

हूतियों की चेतावनी से बढ़ी चिंता

रियाद एयरपोर्ट पर बीते 20 दिन में यह चौथा हूती हमला है। रियाद एयरपोर्ट पर यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष तेज हो रहा है। हूतियों ने हाल के दिनों में सऊदी अरब के हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों को सऊदी हवाई क्षेत्र में उड़ानें संचालित करने के गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी।

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने इस हमले के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि क्षेत्र में जारी सैन्य संघर्ष के बीच जवाबी कार्रवाई को लेकर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अमेरिका सऊदी अरब के समर्थन में सीधे सैन्य अभियान में शामिल होता है या नहीं। ऐसा होने पर यमन का संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है।

Advertisement