नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता निशु आजाद (Nishu Azad) के पिता संजय कुमार (Sanjay Kumar) के साथ हुई मारपीट के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। CJP ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) की गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप है कि भारद्वाज ने पिछले महीने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे एक व्यक्ति के पिता पर हमला करने की बात कथित तौर पर स्वीकार की थी।
पढ़ें :- दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के लिए मांगा 72 घंटे का समय : सीजेपी
सीजेपी के नेता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका (National Spokesperson Ashutosh Ranka) अपनी कार्यकर्ता निशु आजाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की मांग को लेकर नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन (Parliament Street Police Station) पहुंचे। इस दौरान निशु आजाद भी थाने पहुंचीं। सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास (CJP Chief Spokesperson Saurav Das) ने मीडिया से कहा कि जंतर-मंतर पर जब उनका शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था, तब वहां हिंसा हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आपराधिक गैंग दिल्ली में पहले से हिंसा करती आ रही है।
सौरव दास का दिल्ली पुलिस पर आरोप
सौरव दास (Saurav Das) ने कहा,कि एक नाबालिग लड़की पहले दिन से ही हमारे प्रदर्शन से जुड़ी हुई है। उसके पिता संजय जी भी उसके साथ आते हैं। जब हम शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, तभी एक आपराधिक गिरोह के कुछ लोग हमारे प्रदर्शन में घुस आए और हिंसा करने लगे। FIR दर्ज होने के बाद भी हमने पुलिस पर दबाव बनाए रखा। हमने कहा कि यह हत्या की कोशिश थी और संबंधित धारा जोड़ी जानी चाहिए। हमने SC/ST एक्ट लगाने की भी मांग की क्योंकि वे दलित परिवार से हैं। इस मामले में जाति का भी पहलू है। लेकिन पुलिस ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया। जब हमने पुलिस पर दबाव बनाया तो उन्होंने हमें अदालत जाने और आदेश लेने को कहा।
उन्होंने कहा,कि ये लोग इतने समय से दिल्ली में खुलेआम क्यों घूम रहे हैं, ये हमारी समझ से परे है। दिल्ली पुलिस बार-बार कह रही थी कि जंतर-मंतर पर 2,800 से ज्यादा घोर अपराधियों की पहचान की गई तो आप उन लोगों को ये छूट क्यों देना चाह रहे हैं? हमने कहा कि उन 2,800 अपराधियों की पहचान की जाए और यदि उन्होंने कोई संगीन अपराध किया है तो आप उनके खिलाफ कार्रवाई करें, जेल में डालें। क्या कानून व्यवस्था दिल्ली में इतनी दुर्बल हो गई है? दिल्ली पुलिस को जवाब देना चाहिए।
पढ़ें :- क्या स्वतंत्र भारद्वाज पर दिल्ली पुलिस करेगी कार्रवाई? CJP का विरोध प्रदर्शन, 'हत्या के प्रयास' और SC/ST एक्ट में केस दर्ज करने की मांग
आशुतोष रांका ने क्या कहा?
वहीं, सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका (CJP National Spokesperson Ashutosh Ranka) ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनकी साथी निशु के पिता संजय आजाद के साथ मारपीट हुई और उनका सिर फोड़ा गया। यह घटना खुलेआम हुई। आशुतोष रांका ने कहा कि लगातार हमारी टीम और सौरव दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से मांग करते रहे कि इन गुंडों को गिरफ्तार करें, इन पर हत्या के प्रयास का चार्ज लगाएं लेकिन दिल्ली पुलिस सोती रही। अब देश की राजधानी में हालात ऐसे हो गए हैं कि गुंडे ये खुलेआम कबूल कर रहे हैं कि उन्होंने संजय का सिर फोड़ा और उनकी पूरी कोशिश उन्हें जान से मारने की थी।
उन्होंने कहा कि आरोपी खुद कबूल कर रहा है कि उस पर हत्या के प्रयास का केस बनता था लेकिन दिल्ली पुलिस ने उस व्यक्ति के साथ कुछ नहीं किया। आज देश और लोकतंत्र के लिए शर्मनाक दिन है जहां खुलेआम गुंडागर्दी करने वाले दावा करता है कि उसने किसी को जान से मारने का प्रयास किया लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीजेपी (CJP) ने मांग की है कि जिन लोगों ने खुद अपनी पहचान बताई है, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उन पर हत्या के प्रयास समेत सभी संगीन धाराएं लगाई जाएं।
आरोपी का कबूलनामा
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज नामक व्यक्ति ने दावा किया है कि संजय आजाद के सिर पर वार उसी ने किया था। साथ ही, उसने राजनीतिक प्रभाव के चलते अपने खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही। इसी वीडियो के सामने आने के बाद सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य कार्यकर्ता पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे हैं और निशु के पिता के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।