नई दिल्ली। अगर आप रोजाना बनने वाली आलू टिक्की (Potato Tikki) से ऊब गये हैं और कुछ अलग स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो महाबलेश्वर में बनने वाली मशहूर कॉर्न टिक्की (Corn Tikki) आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। आज हम आपको इसकी आसान रेसिपी साझा करेंगे जिसे घर पर भी बिना किसी परेशानी के तैयार किया जा सकता है। यह स्नैक बाहर से कुरकुरा और अंदर से बेहद मुलायम होता है, जो बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सभी को पसंद आता है।
पढ़ें :- पोलियो ड्रॉप के बाद अकड़े 3 साल की बच्ची के हाथ-पैर! भोपाल एम्स में इलाज, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
किन-किन चीजों की होगी जरूरत
इस रेसिपी के लिए एक कप स्वीट कॉर्न (Sweet Corn) , आधा कप उबले और मैश किए हुए आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, ताजा हरा धनिया, अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक, भीगा हुआ पोहा और टिक्की सेंकने के लिए थोड़ा तेल चाहिए।
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट कॉर्न टिक्की
पढ़ें :- Serious Warning from Health Experts : भारत में 5 से 12 साल के बच्चों में बढ़ता मोटापा और डायबिटीज चिंताजनक
सबसे पहले स्वीट कॉर्न को हल्का उबालकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें। अब एक बर्तन में मैश किए हुए आलू, कॉर्न, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद सभी मसाले और नमक मिलाएं। अब भीगे हुए पोहे को हल्का निचोड़कर मिश्रण में डालें और दोबारा अच्छी तरह मिक्स करें। अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा और पोहा मिलाया जा सकता है।
तैयार मिश्रण से अपनी पसंद के अनुसार गोल या हल्की चपटी टिक्कियां बनाएं। एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें, उस पर थोड़ा तेल डालें और मध्यम आंच पर टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें।
गरमा-गरम कॉर्न टिक्की (Corn Tikki) को हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें। शाम की चाय के साथ यह स्नैक स्वाद का मजा कई गुना बढ़ा देगा। यदि आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं, तो शेफ हरपाल सिंह सोखी की यह रेसिपी एक बार जरूर आजमाएं।
रिपोर्ट: कल्पना पांडेय