Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. मिट्टी के टीले मे सुरंग बना के खेलते हुए गई तीन मासूमों की जान

मिट्टी के टीले मे सुरंग बना के खेलते हुए गई तीन मासूमों की जान

By हर्ष गौतम 
Updated Date

राजस्थान, पर्दाफाश। राजस्थान के सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां मिट्टी की बनी सुरंग ढहने से तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। इस घटना में एक अन्य बच्चा बाल-बाल बच गया, जिसकी चीख-पुकार से ही ग्रामीणों को हादसे की जानकारी मिल सकी। यह घटना गनेड़ी गांव की है, जहां खेत में बने 3 से 4 फीट ऊंचे मिट्टी के टीले के नीचे बच्चों ने खेलने के लिए एक सुरंग बना रखी थी। इसी सुरंग के जरिए बच्चे एक तरफ से दूसरी तरफ आते-जाते थे।

पढ़ें :- क्या अकेला पड़ा अमेरिका? 10 सबसे बड़े सहयोगी ने डोनॉल्ड ट्रंप को दिखाया ठेंगा, जंग से बनाई दूरी, युद्ध ने बदला दुनिया का समीकरण

सोमवार सुबह होलाश मेघवाल (10), गौतम सैनी (14) और दीपेश नायक (12) अपने दोस्तों के साथ वहां खेलने पहुंचे। उनके साथ कृष्ण नाम का एक बच्चा भी था, जो सुरंग के बाहर ही मौजूद था। खेल के दौरान तीनों बच्चे सुरंग के अंदर चले गए, तभी अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और वे उसके नीचे दब गए।

हादसे के वक्त कृष्ण के पैर भी मिट्टी में दब गए थे, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए खुद को बाहर निकाला और अपने दोस्तों को बचाने की कोशिश की। जब वह सफल नहीं हो पाया, तो उसने जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से मिट्टी हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चों के परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर हैं। होलाश के पिता की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी, जबकि दीपेश के पिता ने भी कुछ समय पहले आत्महत्या कर ली थी। नेछवा थाना प्रभारी कैलाशचंद ने बताया कि यह हादसा बच्चों के खेल के दौरान हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं। यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खुले स्थानों पर बिना निगरानी के खेलने के खतरों को उजागर करता है।

पढ़ें :- उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तय- मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कहा- नहीं देंगे भाजपा के बयानों का जवाब
Advertisement