पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: चौक थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और इलाज के दौरान उसकी मौत के मामले ने लोगों को झकझोर दिया है। घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर मासूम को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की।
पढ़ें :- तारीख पर पहुंची विवाहिता से कोर्ट परिसर में मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
इस दौरान सपा कार्यकर्ता एडवोकेट वसीम अकरम ने बताया कि चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बच्ची के साथ एक भंडारी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। हालत गंभीर होने पर बच्ची को जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
कैंडल मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि मासूम के साथ हुई इस दरिंदगी के दोषी को ऐसी कठोर सजा मिलनी चाहिए, जो समाज में नजीर बने। उन्होंने योगी सरकार से आरोपी को फांसी की सजा दिलाने के साथ उसके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
इस मौके पर एडवोकेट वसीम अकरम, नौशाद आलम, विवेक पांडेय, बबलू भारती, मकसूद खान, विनोद गौतम, रिंकू तिवारी, कलामुद्दीन खान, नगर अध्यक्ष आदित्य कुमार यादव, संजय निषाद, ऋषभ दुबे समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट