Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. टेलीविजन
  3. अलार्म बजता रहा, मां उठाने आई लेकिन…30 की उम्र में दुनिया छोड़ गए ‘बंधन सात जन्मों का’ फेम अनुज ठाकुर; टीवी इंडस्ट्री में शोक

अलार्म बजता रहा, मां उठाने आई लेकिन…30 की उम्र में दुनिया छोड़ गए ‘बंधन सात जन्मों का’ फेम अनुज ठाकुर; टीवी इंडस्ट्री में शोक

By Kalpna Pandey 
Updated Date

TV Actor Death: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। छोटे पर्दे के चर्चित अभिनेता अनुज ठाकुर का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया है। ‘बंधन सात जन्मों का’ और ‘धूम मचाओ धूम’ जैसे टीवी शोज में नजर आ चुके अनुज के अचानक दुनिया छोड़ने से उनके परिवार, दोस्तों और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की जानकारी कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की।

पढ़ें :- शादी के 4 साल बाद अलग हुए मौनी राय और सूरज नांबियार, बयान जारी कर तोड़ी चुप्पी

नींद में ही दुनिया को कह गए अलविदा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज ठाकुर का निधन 30 अक्टूबर की सुबह हुआ था। कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने अपने पोस्ट में बताया कि अनुज रोज की तरह अपनी दिनचर्या का पालन कर रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे उनका अलार्म बजा, लेकिन उस दिन वह उठ नहीं पाए। जब अनुज की मां उन्हें जगाने के लिए उनके पास पहुंचीं, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। रूपेश सोनार के मुताबिक, अनुज को रात में दौरा पड़ा था और उसी दौरान उनका निधन हो गया।


 

दोस्त को याद कर भावुक हुए रूपेश सोनार

अनुज ठाकुर के निधन की खबर साझा करते हुए रूपेश सोनार भावुक हो गए। उन्होंने अपने दोस्त को याद करते हुए कहा कि अनुज उनके लिए सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई की तरह थे। रूपेश ने बताया कि उन्होंने अनुज के शुरुआती संघर्षों को करीब से देखा था। दोनों ने साथ मिलकर कई प्रोजेक्ट्स की योजना बनाई थी। ऐसे में अनुज का अचानक चले जाना उनके लिए बेहद दुखद है।

टीवी जगत में शोक की लहर

अनुज ठाकुर ने अपने अभिनय से छोटे पर्दे पर पहचान बनाई थी। ‘बंधन सात जन्मों का’ और ‘धूम मचाओ धूम’ जैसे धारावाहिकों में उनके काम को दर्शकों ने देखा था। महज 30 साल की उम्र में उनका इस तरह दुनिया छोड़ जाना हर किसी को हैरान कर रहा है। उनके अचानक निधन की खबर से प्रशंसक भी दुखी हैं।

फिलहाल, उनके चाहने वाले उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जिंदगी के कई सपने और अधूरे प्रोजेक्ट पीछे छोड़कर गए अनुज को उनके दोस्त और प्रशंसक हमेशा याद रखेंगे।

Advertisement