Hanuman Ansh: सुनील लोधी मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले एक युवा गायक हैं, जो जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं। बावजूद इसके सुनील ने अपनी आवाज के दम पर पहचान लोगों में बड़ी पहचान बना ली है। हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी को राज्य सरकार की ओर से 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी शिक्षा, संगीत प्रशिक्षण और आँखों के इलाज के लिए सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। CM ने इस अवसर पर दोहराया कि स्थानीय और प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, और सरकार उन्हें हर स्तर पर एक बेहतर मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पढ़ें :- 51 साल पहले आई एक मूवी का हनुमान अंश की तरह बॉक्स ऑफिस का बजा था डंका, फिल्म शोले पर पड़ी थी भारी
CM ने गायक और उनके माता-पिता का किया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील लोधी के साथ-साथ उनके माता-पिता का भी सम्मान किया। उन्होंने 1 लाख रुपये के सम्मान राशि देने का ऐलान करते हुए सुनील लोधी की कला की सराहना भी की। मोहन यादव ने बताया कि सरकार प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहित करने का हर संभव प्रयास कर रही है।
हुनर को मिला सरकार का साथ
बचपन से संगीत को जीने वाले सुनील के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल खोलकर घोषणाएं कीं। सुनील की आंखों के इलाज के लिए सरकार उनको हर संभव सहयोग देगी। साथ ही संगीत के प्रति उनकी लगन को देखते हुए उनकी औपचारिक संगीत शिक्षा का पूरा खर्च भी उठाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रमों के जरिए ऐसे हुनरमंद कलाकारों को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान..’ ने सुनील को दिलाई पहचान
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, से सुनील लोधी को खास पहचान मिली। यह गीत लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ और सुनील की आवाज की चर्चा प्रदेशभर में होने लगी।
पढ़ें :- एक बिहारी का अनूठा जुगाड़ देखिए, चोरी के डर से घर के टैरस पर ही चढ़ा दी Scorpio!
CM के कहने पर सुनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भजन
मुख्यमंत्री के आग्रह पर सुनील ने तंबूरा बजाकर अपना यही लोकप्रिय गीत सुनाया और साथ में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया। उनकी मधुर आवाज ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया और सभी ने उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस मौके पर सुनील के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भागबाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र भी मौजूद रहे।