लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, जयंत चौधरी समेत अन्य नेता मौजूद रहे। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी टॉपर्स को संबोधित किया।
पढ़ें :- UP के स्वास्थ्य विभाग में बढ़ता जा रहा है दवा माफियाओं का वर्चस्व, करीब एक दर्जन जिलों में इनके इशारों पर बनने जा रहे CMO, देखिए लिस्ट
उन्होंने कहा, कोई भी अयोग्य नहीं होता, आवश्यकता होती है एक योग्य योजक की। यह हमारा सौभाग्य है कि भारत के युवाओं के ऐसे योग्य योजक के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हम सबके बीच हैं, जिन्होंने Skill India महाअभियान का शुभारंभ किया था। आज इसी महाअभियान के तहत पांचवां कौशल दीक्षांत समारोह उत्तर प्रदेश की राजधानी में आयोजित हो रहा है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
सीएम ने कहा कि स्किल्ड मैनपावर ही विकसित भारत की आधारशिला है। स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की बैकबोन बनने जा रहे हैं। देश जब आजादी का शताब्दी महोत्सव (2047) मना रहा होगा, तब हर चेहरे पर खुशहाली होगी। हर नारी स्वावलंबन के साथ समाज को नेतृत्व प्रदान कर रही होगी। युवाओं को रोजगार, अन्नदाता को आत्मनिर्भरता और श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय हमारा लक्ष्य है।
सीएम योगी ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री ने विज्ञान भवन में विश्व युवा कौशल दिवस पर स्किल इंडिया महाभियान का शुभारंभ किया था। इसके जरिये दुनिया की सबसे बड़ी यंग वर्कफोर्स यानी भारत के युवाओं की प्रतिभा को प्लेटफॉर्म देकर उनके मन की हताशा-निऱाशा को दूर करने का प्रयास किया। पीएम मोदी जी ने भारतीय मनीषा के उद्घोष ‘अयोग्यो पुरुषो नास्ति, योजकस्तत्र दुर्लभः’ (कोई व्यक्ति बेकार नहीं होता, कमी केवल सही मार्गदर्शन और योजक की होती है) को आगे बढ़ाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण देकर 1.23 लाख से अधिक को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में मदद की गई। जब दुनिया वर्ष 2020 में कोरोना से पस्त थी, तब भारत राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू कर रहा था। इसमें परंपरागत पाठ्यक्रम के साथ-साथ स्किलिंग (कौशल विकास) पर जोर दिया गया। प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी यह लाभ प्राप्त कर रहे हैं।