Tipu Sultan Controversy : महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने हाल ही में टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की थी। जिस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे शर्मनाक बताया। इस बीच, असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा पर निशाना साधा है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने टीपू सुल्तान को आजादी की लड़ाई में शहीद और हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बताया है। इस बयान को कांग्रेस के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
पढ़ें :- 2029 से बदलेगी लोकसभा की तस्वीर? हो सकती हैं 816 सीटें, 33% महिलाओं को आरक्षण—देश की राजनीति में बड़ा बदलाव
हैदराबाद में एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी ने एक जनसभा में कहा”…टीपू सुल्तान अंग्रेजों से लड़ते हुए शहीद हुए…टीपू ने अंग्रेजों को लव लेटर नहीं लिखे, जैसा वीर सावरकर ने किया था, जिसमें माफी मांगी हो और जो भी वे कहेंगे, वह करने का वादा किया हो। टीपू ने अपनी तलवार उठाई और अंग्रेजों से अपने देश को आजाद कराने की लड़ाई में शहीद हो गए…’ ओवैसी ने आगे कहा कि, ‘टीपु सुल्तान की उंगली में जो अंगूठी मिली थी उस पर राम लिखा हुआ था।”
ओवैसी ने आगे कहा, “क्या यह झूठ है कि APJ अब्दुल कलाम ने अपनी किताब विंग्स ऑफ फायर में लिखा था कि आज भारत के पास जो भी मिसाइल टेक्नोलॉजी और रॉकेट टेक्नोलॉजी है, हम टीपू के सपनों को पूरा कर रहे हैं?…गांधी ने अपनी यंग एज मैगज़ीन में लिखा था कि टीपू सुल्तान हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल हैं।” गौरतलब है कि मालेगांव की डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद निहाल अहमद के दफ्तर में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।
इस विवाद पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि, छत्रपति शिवाजी महाराज वीरता से लड़े और स्वराज का विचार दिया और उसी तरह टीपू सुल्तान ने भी अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध किया। उन्होंने टीपू सुल्तान को भारत का बेटा और महान योद्धा करार दिया और कहा कि टीपू सुल्तान ने कभी समाज में जहर घोलने वाली बातें नहीं की।