वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास ईरान में अब सिर्फ एक या दो ऐसे ठिकाने बचे हैं, जिन्हें निशाना बनाया जाना बाकी है। इन्हें 10 मिनट में तबाह किया जा सकता है। खास तौर पर ट्रंप ने ईरान के संदिग्ध भूमिगत परमाणु ठिकाने पिकैक्स माउंटेन (Pickaxe Mountain) का जिक्र किया। हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ट्रंप ने ईरान पर नए हमले को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
पढ़ें :- अमेरिका में ग्रीन कार्ड पाना हुआ मुश्किल, टैक्स में गड़बड़ी तो टूट सकता है वहां बसने का सपना
आपको बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका में 3 नवंबर के मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है। वहीं वॉशिंगटन ने कथित तौर पर खाड़ी देशों को संभावित नए हमलों के लिए तैयार रहने को कहा है। हालांकि, अमेरिका की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि अगर कूटनीतिक समाधान निकलता है तो उसे प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अमेरिकी धमकी का कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने शीर्ष सैन्य कमांडरों को आदेश दिया कि किसी भी स्तर के खतरे का तुरंत और बिना भौगोलिक सीमा के जवाब दिया जाए। साथ ही ईरानी सेना को अपनी टारगेट लिस्ट अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। इसमें अमेरिका और इजरायल से जुड़े हर तरह के भौतिक और गैर-भौतिक ठिकानों को संभावित लक्ष्य के तौर पर शामिल करने की भी बात कही गई है।
बता दें कि इस बीच कतर की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि दोनों देशों के बीच बातचीत तनाव कम करती है या फिर आने वाले दिनों में एक नया सैन्य टकराव देखने को मिलता है।