Tami nadu Politics: सी.जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। 23 नए मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें 21 विधायक TVK के और 2 कांग्रेस के शामिल हैं। इसके साथ ही विजय सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है, जबकि कैबिनेट में अभी भी तीन पद खाली हैं।
पढ़ें :- CM विजय के आरोपों पर तमिलनाडु विधानसभा में बड़ा बवाल, DMK विधायकों को मार्शल बुलाकर सदन से जबरन निकाला
सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई जगह
सरकार के सहयोगी दल वीसीके और आईयूएमएल फिलहाल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए हैं। दोनों दलों के पास दो-दो विधायक हैं और उनके लिए एक-एक मंत्री पद सुरक्षित रखा गया है। बताया जा रहा है कि दोनों पार्टियां जल्द अपने नाम तय कर सकती हैं। लोक निर्माण और खेल मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते हैं कि वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन भी सरकार का हिस्सा बनें।
छह दशक बाद सरकार में कांग्रेस
इस विस्तार की सबसे बड़ी चर्चा कांग्रेस की वापसी को लेकर हो रही है। करीब 59 साल बाद कांग्रेस तमिलनाडु सरकार में शामिल हुई है। इससे पहले राज्य में कांग्रेस की आखिरी सरकार 1967 से पहले रही थी। उसी साल सी. एन. अन्नादुरई के नेतृत्व में डीएमके ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया था। अब विजय सरकार में कांग्रेस विधायकों राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन को मंत्री बनाया गया है। राजनीतिक जानकार इसे तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव मान रहे हैं।