Government Jobs: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। 1,189 पदों पर होने वाली इस भर्ती परीक्षा की तारीख दो बार घोषित होने के बाद स्थगित की जा चुकी है। अब तक आयोग की ओर से नई परीक्षा तिथि का ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में हजारों अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में हैं।
पढ़ें :- UPSC IES ISS Interview: 134 उम्मीदवारों का इंतजार खत्म, जारी हुआ इंटरव्यू शेड्यूल
दरअसल, BPSC ने पहले 72वीं प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन के लिए 26 जुलाई 2026 की तारीख तय की थी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक ऑफलाइन मोड में होनी थी। अभ्यर्थी परीक्षा की तैयारी के साथ एडमिट कार्ड का इंतजार कर रहे थे, लेकिन 18 जुलाई को आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा स्थगित कर दी। उस समय कहा गया था कि नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी।
इसके बाद अगस्त में जारी संशोधित परीक्षा कैलेंडर में आयोग ने परीक्षा के लिए 25 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की। साथ ही भर्ती के तहत कुल 1,189 पदों का उल्लेख किया गया। अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि इस बार परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार होगी, लेकिन अक्टूबर की शुरुआत में आयोग ने इसे एक बार फिर स्थगित कर दिया। इस बार भी अपरिहार्य परिस्थितियों को वजह बताया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नवंबर के पहले वीक में परीक्षा तिथि का एलान किया जा सकता है। एग्जाम नवंबर के अंत तक आयोजित होने की संभावना है। हालांकि, नई तारीख की घोषणा नहीं की गई।
परीक्षा बार-बार टलने से अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई छात्र कोचिंग, किराए के कमरे और दूसरी सुविधाओं पर लगातार खर्च कर रहे हैं। परीक्षा की तारीख तय होने पर अभ्यर्थी रिवीजन और मॉक टेस्ट की रणनीति बनाते हैं, लेकिन परीक्षा स्थगित होने से उनकी पूरी तैयारी का शेड्यूल प्रभावित हो रहा है।
फिलहाल अभ्यर्थियों की निगाहें BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर टिकी हैं। आयोग ने नई तारीख अलग से नोटिस जारी कर बताने की बात कही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही संभावित तारीखों पर भरोसा न करें और आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।