आलिया भट्ट की मां ने हाल ही में अपनी प्रेग्नेंसी से जुड़ा एक चौंकाने वाला किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म 'गुमराह' की शूटिंग के दौरान एक सिगरेट पीने वाले सीन के लिए उन्होंने एक दिन में करीब 100 सिगरेट पी थीं।
Bollywood News: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की मां और दिग्गज अभिनेत्री सोनी राजदान ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान एक दिन उन्होंने करीब 100 सिगरेट पी ली थीं। उस वक्त उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनके गर्भ में आलिया भट्ट पल रही थीं।
सोनी राजदान ने हाल ही में स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में अपने फिल्मी करियर और प्रेग्नेंसी के दौरान काम करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जब वह 1993 में रिलीज हुई महेश भट्ट की फिल्म ‘गुमराह’ की शूटिंग कर रही थीं, तब वह दूसरी बार प्रेग्नेंट थीं। फिल्म के एक सीन में उन्हें सिगरेट पीनी थी। इस सीन को शूट करते हुए उन्होंने एक ही दिन में लगभग 100 सिगरेट पी ली थीं।
सोनी ने बताया कि वह असल जिंदगी में स्मोकर नहीं हैं, लेकिन उस दौरान उन्हें सिगरेट पीने की काफी तलब महसूस हो रही थी। उन्हें उस समय पता नहीं था कि वह आलिया को जन्म देने वाली हैं। बाद में उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में जानकारी मिली।
इस बातचीत में सोनी ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि टीवी सीरियल ‘बुनियाद’ की शूटिंग के दौरान वह पहली बार गर्भवती हुई थीं। उस समय उनकी शादी को ज्यादा वक्त नहीं हुआ था और उनके पास अपनी कार भी नहीं थी। ऐसे में शो के निर्माता सिप्पी परिवार ने उनकी काफी मदद की। सुबह जल्दी शूटिंग के लिए उनके घर गाड़ी भेजी जाती थी और सेट पर भी उनके आराम का पूरा ध्यान रखा जाता था।
बता दें कि सोनी राजदान और फिल्ममेकर महेश भट्ट की पहली बेटी शाहीन भट्ट का जन्म 1988 में हुआ था, जबकि आलिया भट्ट का जन्म 1993 में हुआ। सोनी राजदान आज भी मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं।