Rain Damages Crops in UP : यूपी में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से बेमौसम बारिश का दौर जारी है। 48 घंटे से ज्यादा समय से लगातार हो रही बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। लेकिन, बारिश का दौर आज भी थमने वाला नहीं है। अगले 24 घंटे तक आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में शनिवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है।
पढ़ें :- बीजेपी ने 26,000 स्कूलों को बंद करके वहां शराब की दुकानें खोल दी : अखिलेश यादव
बेमौसम बारिश से धान की फसलों को भारी नुकसान
पूर्वी उत्तर प्रदेश और अवध के क्षेत्रों में 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। बलिया, गोंडा, बाराबंकी, मिर्जापुर समेत कई जिलों में कई जगहों पर खेतों में खड़ी धान की तैयार फसल गिर गई है, जिससे किसानों की मेहनत बर्बाद होती दिख रही है। इसके अलावा, चना, मटर, आलू, टमाटर और मिर्च की फसलों को भी भारी नुकसान की आशंका है।
यूपी के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट
पूर्वी यूपी के मऊ, गाजीपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, सुल्तानपुर, बस्ती और सिद्धार्थ नगर में शनिवार को बारिश की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही अमेठी, प्रतापगढ़, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में बदले मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 30 और 31 अक्टूबर के लिए तेज बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली (वज्रपात) का अलर्ट जारी किया है।