नई दिल्ली। US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान के साथ चल रहे दो हफ़्ते के सीज़फ़ायर को आगे बढ़ाने पर विचार नहीं कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत से होने वाला समझौता ही सबसे बेहतर नतीजा होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सीज़फ़ायर को आगे बढ़ाना ज़रूरी होगा। ट्रंप ने आने वाले घटनाक्रमों को लेकर भरोसा जताया और कहा कि मुझे लगता है कि दुनिया अगले दो दिनों में कुछ बहुत ही शानदार होते हुए देखेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या युद्ध किसी समझौते के ज़रिए खत्म होगा या फिर ईरान की क्षमताओं को पूरी तरह से खत्म करके तो ट्रंप ने कहा कि दोनों ही नतीजे मुमकिन हैं, लेकिन उन्होंने कूटनीति को अपनी पहली पसंद बताया।
पढ़ें :- Iran-US 60 Days Ceasefire : ईरान को मिलेगा 300 अरब डॉलर का पुनर्निर्माण फंड और US की कंपनियां करेंगी निवेश, परमाणु प्रोग्राम पर भी सहमति
ट्रंप ने अपनी लीडरशिप को लेकर एक बड़ा दावा भी किया और कहा कि अगर मैं राष्ट्रपति न होता तो दुनिया के टुकड़े-टुकड़े हो गए होते। ट्रंप की यह टिप्पणी तब आई जब कुछ घंटे पहले ही उन्होंने कहा था कि US और ईरान के बीच अगले दो दिनों के अंदर और बातचीत हो सकती है। ट्रंप ने बताया कि बातचीत पहले से ही चल रही है, लेकिन उसकी रफ़्तार काफ़ी धीमी है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सात हफ़्तों से चल रहे इस संघर्ष को खत्म करने के लिए सीधी बातचीत का दूसरा दौर शायद यूरोप में कहीं हो सकता है। हालांकि। उन्होंने जगह में संभावित बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि बातचीत के लिए इस्लामाबाद ज़्यादा मुमकिन जगह हो सकती है। इस्लामाबाद की ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने कहा कि आपको वहीं रहना चाहिए, क्योंकि अगले दो दिनों में कुछ भी हो सकता है और हमारा झुकाव उसी तरफ़ जाने का ज़्यादा है।