प्रसूता की मौत के बाद मदरहुड अस्पताल में हंगामा, संचालक हिरासत में
– प्रसूता की मौत के बाद मदरहुड अस्पताल में हंगामा, संचालक हिरासत में
– परिजनों ने झोलाछाप से ऑपरेशन कराने और लापरवाही का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सोनौली कस्बे के न्यू एसएसबी रोड स्थित मदरहुड अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल का घेराव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अस्पताल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फरीदा खातून (पत्नी अब्दुल करीम) प्रसव की संभावित तिथि नजदीक होने पर जांच के लिए मदरहुड अस्पताल पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया और 23 मई को उनका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन समय रहते उचित उपचार नहीं दिया गया।
परिजनों का कहना है कि जब मरीज की हालत अत्यंत गंभीर हो गई तो अस्पताल प्रशासन ने उसे पहले महराजगंज स्थित एक निजी अस्पताल भेजा।
वहां से भी स्थिति में सुधार न होने पर उसे लखनऊ के वेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति अब्दुल करीम ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन ने एक कथित झोलाछाप चिकित्सक से उनकी पत्नी का ऑपरेशन कराया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सही इलाज किया जाता तो उनकी पत्नी की जान बच सकती थी।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे तथा मदरहुड अस्पताल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। मामले की सूचना पर सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
अब्दुल करीम ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल संचालक से पूछताछ की जा रही है तथा चिकित्सकीय अभिलेखों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्रीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। पुलिस जांच जारी है।