लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती भी जमकर हो रही है। उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती से परेशान लोग विरोध प्रदर्शन करते भी दिख जाएंगे और बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगा रहे हैं। अब इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएम योगी ने दो एग्जीकयूटिव इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है। कुछ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी है। कभी भी इन पर गाज गिर सकती है।
पढ़ें :- BJP और उनके साथियों के निर्माणों व आपदाओं के नाम पर बटोरे गये ‘तरह-तरह’ के चंदे का हिसाब मांगा जाए और उनका हो ऑडिट: अखिलेश यादव
दरअसल, उत्तर प्रदेश में बिजली की कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। लोग भीषण गर्मी में बिजली कटौती से परेशान हैं। इसको लेकर सत्ताधारी पार्टी के कई विधायकों ने मुख्यमंत्री से लेकर ऊर्जा मंत्री तक को पत्र लिखा है। इसको देखते हुए सीएम योगी ने सख्त रुख अपनाया है। योगी सरकार ने गाजियाबाद में तैनात एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उन्हें मेरठ मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।
वहीं, मेरठ में कार्यरत एग्जीक्यूटव इंजीनियर योगेश कुमार को भी सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों पर विभागीय काम में लापरवाही का आरोप लगा है। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के बाद अब बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि, अभी कई लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। वहीं, इस मामले में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि बार-बार खराबी और दोष दुरुस्त करने में देरी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ रही है, केवल बिजली की उपलब्धता ही मुद्दा नहीं है।