डुमरियागंज : सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज के रेहरा गांव में एक युवक को कथित तौर पर उसकी पत्नी और उसके मुस्लिम प्रेमी ने जिंदा जलाने की कोशिश की। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पढ़ें :- UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की बढ़ीं मुश्किलें, पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी करने पर दर्ज हुआ केस
घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय लालजी गौतम के रूप में हुई है। पीड़ित के पिता घम्मल प्रसाद गौतम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि लालजी की पत्नी पूजा गौतम और उसके कथित प्रेमी फिरोज ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि दोनों ने पहले लालजी को चारपाई से बांधा और फिर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। घटना के दौरान युवक की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे लालजी को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि पूजा और फिरोज के बीच लंबे समय से संबंध थे और इसी वजह से दोनों ने मिलकर लालजी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। बताया जा रहा है कि फिरोज का महिला के घर आना-जाना भी लगा रहता था। पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।