1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में बिजली कटौती से परेशान बाहर सो रहा था परिवार, तेज रफ्तार डंपर ने उजाड़ दिया घर, पिता समेत तीन बच्चों की मौके पर मौत

यूपी में बिजली कटौती से परेशान बाहर सो रहा था परिवार, तेज रफ्तार डंपर ने उजाड़ दिया घर, पिता समेत तीन बच्चों की मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा पुरवा गांव में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान एक परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था। तभी तेज रफ्तार डंपर ने परिवार को कुचल दिया। हादसे में पिता समेत तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई...

By Harsh Gautam 
Updated Date

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा पुरवा गांव में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान एक परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था। तभी तेज रफ्तार डंपर ने परिवार को कुचल दिया। हादसे में पिता समेत तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

पढ़ें :- “बिजली विभाग बना भ्रष्टाचार का गढ़” — एडवोकेट रमाकांती त्रिपाठी का सरकार को सीधा संदेश

मृतकों की पहचान नीरज चौहान (35), उनकी बेटी शगुन (12), बेटे अंशु (8) और बेटी अंशिका (10) के रूप में हुई है। वहीं नीरज की पत्नी नीलम गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे महमूदाबाद की तरफ से फतेहपुर की ओर एक तेज रफ्तार डंपर जा रहा था। रास्ते में चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान डंपर अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे सो रहे परिवार को चालक देख नहीं सका और डंपर सीधे उन पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सड़क पर खून से लथपथ शव पड़े थे। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के तुरंत बाद चालक डंपर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घायल नीलम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया।

पढ़ें :- जनता की कमाई पर किश्तों में लूटमार, 8 दिनों में 3 बार पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ाए गए दाम: मल्लिकार्जुन खरगे

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है।

फतेहपुर कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...