1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. “सोनौली बॉर्डर पर 10 KM जाम… ‘₹500 दो, आगे बढ़ो!’ का आरोप”

“सोनौली बॉर्डर पर 10 KM जाम… ‘₹500 दो, आगे बढ़ो!’ का आरोप”

नेपाली ट्रक चालकों का दावा- पैसे दो तो आगे बढ़ेगा वाहन, नहीं तो कतार में रहो; CCTV जांच की मांग

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इसी बीच अब जाम का लाभ उठाकर वाहनों से कथित वसूली किए जाने का आरोप सामने आया है। नेपाली ट्रक चालकों ने सीमा क्षेत्र में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों पर वाहन आगे बढ़ाने के नाम पर प्रति ट्रक 500 रुपये मांगने का आरोप लगाया है।

पढ़ें :- पूर्व मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी का निधन, सीएम योगी और अखिलेश ने जताया शोक

शुक्रवार शाम चार नेपाली ट्रक चालकों ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ियां गुरुवार सुबह से आईसीपी जाने वाले एसएसबी रोड पर कतार में खड़ी हैं। चालकों के अनुसार नेपाली वाहनों को लाइन में लगाने के लिए सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और शाम 3 से 5 बजे तक का समय निर्धारित है।

चालकों का आरोप है कि गुरुवार शाम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर 500 रुपये देने वाले वाहनों को कतार में आगे बढ़ने दिया, जबकि रुपये नहीं देने वाले वाहनों को रोक दिया गया। शुक्रवार को भी नेपाली वाहनों को कथित रूप से इसी तरह रोके जाने की शिकायत सामने आई।

तीन दिन से ट्रक खड़ा, आगे बढ़ने का इंतजार

भैरहवा निवासी ट्रांसपोर्ट संचालक दीपक खनाल ने बताया कि उनकी गाड़ी बुधवार को लोडिंग के लिए गई थी, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी वाहन आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने मामले की जानकारी भंसार एजेंट संघ को भी दी है।

पढ़ें :- Lucknow News: राजधानी लखनऊ में शनिवार को बंद रहेंगे प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल

वाहन चालकों का कहना है कि सीमा पर पहले से ही लंबी कतार और भीषण जाम है। ऐसे में यदि वाहनों को आगे बढ़ाने के लिए पैसे की मांग की जा रही है तो यह गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि रुपये नहीं देने वाले वाहनों को दूसरी कतार में खड़ा कर दिया जाता है।

एजेंट संघ को भी मिली शिकायत

एजेंट संघ एसोसिएशन के महासचिव विष्णु भुसाल ने बताया कि चालकों और ट्रांसपोर्ट संचालकों की ओर से पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे लेकर वाहन आगे छोड़ने की शिकायत मिली है। संघ की ओर से मामले की जानकारी भारत और नेपाल के उच्चाधिकारियों को देने की बात कही गई है।

CCTV फुटेज खोले तो सामने आएगा सच?

वाहन चालकों ने मांग की है कि हाइवे और सीमा क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जाए। उनका कहना है कि फुटेज से यह स्पष्ट हो सकता है कि जाम के दौरान वाहनों को किस आधार पर आगे बढ़ाया गया और किसे रोका गया।

पढ़ें :- नौतनवा की सफाई व्यवस्था को मिली रफ्तार, बृजेश मणि त्रिपाठी ने 10 ई-रिक्शा को दिखाई हरी झंडी

मामले में सीओ नौतनवा बसंत कुमार सिंह ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अब निगाह जांच पर है—क्या CCTV फुटेज से 500 रुपये लेकर वाहन आगे बढ़ाने के आरोप की सच्चाई सामने आएगी?

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...