अभिनेता टीनू आनंद को लेकर हाल ही में एक चिंताजनक खबर सामने आयी थी। गंभीर चोट लगने के कारण अभिनेता की सीने की पांच पसलियां टूट गई थीं, जिनमें से एक पसली फेफड़े में भी चुभ गई थी। अब राहत की खबर सामने आयी है कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और उम्मीद है कि दिसंबर से दोबारा वह काम पर लौट पाएंगे।
Bollywood News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक टीनू आनंद को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। गंभीर हादसे में पांच पसलियां टूटने और फेफड़े में छेद होने के बाद अब उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। 81 वर्षीय अभिनेता फिलहाल अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर पर आराम कर रहे हैं।
टीनू आनंद को गंभीर चोटों के चलते मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हादसे में उनकी पांच पसलियां टूट गई थीं। इनमें से एक पसली फेफड़े में चुभ गई, जिससे उसमें छेद हो गया था। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में रखा था।
इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन चोट का दर्द काफी समय तक बना रहा। हालत यह थी कि बिस्तर से उठने, बैठने और करवट बदलने में भी उन्हें परेशानी हो रही थी। यहां तक कि बातचीत करना भी उनके लिए आसान नहीं था।
फिलहाल अभिनेता घर पर रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनकी फिजियोथेरेपी जारी है और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। मीडिया से बातचीत में टीनू आनंद ने बताया कि अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सेहत का ताजा अपडेट देते हुए उम्मीद जताई है कि दिसंबर से एक बार फिर शूटिंग शुरू कर सकेंगे।
टीनू आनंद का असली नाम वीरेंद्र राज आनंद है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत महान फिल्मकार सत्यजीत रे के सहायक निर्देशक के रूप में की थी। करीब पांच साल तक उनके साथ काम करने के बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में निर्देशन की दुनिया में कदम रखा।
अमिताभ बच्चन के साथ उन्होंने ‘कालिया’, ‘शहंशाह’, ‘मैं आजाद हूं’ और ‘मेजर साब’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। वहीं अभिनेता के तौर पर ‘अग्निपथ’, ‘घातक’, ‘बॉम्बे’, ‘दबंग’ और ‘सालार’ जैसी फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी। हाल ही में वह राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ में भी नजर आए। अब उनके प्रशंसकों को इंतजार है कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर फिर से बड़े पर्दे पर वापसी करें।