1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनौली में विराट कुश्ती दंगल, नेपाल के पहलवानों ने भी दिखाए दांव-पेंच

सोनौली में विराट कुश्ती दंगल, नेपाल के पहलवानों ने भी दिखाए दांव-पेंच

सोनौली में विराट कुश्ती दंगल, नेपाल के पहलवानों ने भी दिखाए दांव-पेंच

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: विजयादशमी के पावन अवसर पर सोनौली नगर पंचायत के श्यामकाट बगीचे में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। क्षेत्र की लुप्त होती कुश्ती परंपरा को जीवित रखने और युवा पहलवानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा समाजसेवी सोनू साहू की पहल पर आयोजित इस दंगल में भारत और पड़ोसी देश नेपाल के पहलवानों ने दमखम दिखाया।

पढ़ें :- यूपी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो जिलों में हादसे, फतेहपुर में तीन किशोरों की मौत: गोंडा में युवक लापता

दंगल में दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान पहलवान एक-दूसरे को पटकनी देने के लिए जोर आजमाइश करते नजर आए। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक जुटे रहे। पहलवानों के हर दांव और शानदार प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा बगीचा गूंज उठता था।

आयोजक सोनू साहू ने दो पहलवानों का हाथ मिलवाकर और फीता काटकर दंगल का शुभारंभ किया। दोपहर बाद शुरू हुआ कुश्ती का मुकाबला शाम करीब पांच बजे तक चलता रहा। इस दौरान दर्शक अखाड़े के चारों ओर खड़े होकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे। भारत और नेपाल के पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

आयोजन के दौरान विजेता पहलवानों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार जीतने वाले पहलवान को आकर्षक रेंजर साइकिल प्रदान की गई, जबकि अन्य विजेता पहलवानों को नकद राशि और विभिन्न उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर आयोजक सोनू साहू ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़ी पारंपरिक खेल विधा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी, पारंपरिक कुश्ती को नई पहचान मिलेगी और युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

पढ़ें :- मेरठ में दशहरे पर भीषण हादसा, इको और स्विफ्ट की आमने-सामने टक्कर; इलाज के दौरान 3 की मौत

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...