देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जहां दून पुलिस शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सड़कों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी, वहीं वसंत विहार इलाके में चेन लूट की घटना ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में एक एक्टिवा सवार युवक ने शाम की सैर पर निकली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से चेन झपट ली। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पढ़ें :- हापुड़ में यूपी एटीएस का बड़ा एक्शन, सुबह-सुबह दो संदिग्धों को दबोचा, गहन पूछताछ जारी
शाम की सैर के दौरान वारदात
जानकारी के मुताबिक घटना वसंत विहार फेज-2 इलाके की बताई जा रही है। शाम करीब 5 बजे बुजुर्ग महिला लाठी के सहारे सड़क पर टहल रही थीं। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार युवक वहां पहुंचा। महिला को देखकर वह कुछ आगे गया और फिर वापस लौट आया। इस घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने एक्टिवा रोककर बुजुर्ग महिला से किसी जानकारी के बारे में पूछताछ की। महिला जब उसे जानकारी देने लगीं, तभी आरोपी ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन खींच ली।
धक्का-मुक्की में सड़क पर गिरीं बुजुर्ग
पढ़ें :- उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन टनल में हुआ भूस्खलन, सीएम बोले-हमारी प्राथमिकता वहां फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है
चेन खींचने के दौरान बुजुर्ग महिला और आरोपी के बीच जोर धक्का-मुक्की हुई, जिसके चलते महिला सड़क पर गिर गईं और वीडियो में साफ दिख रहा है कि काफी देर तक वह बुजुर्ग उठने की कोशिश करती है लेकिन उठ नहीं सकीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एक्टिवा लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बीते 24 घंटे के भीतर वसंत विहार क्षेत्र में चेन लूट की यह दूसरी घटना है। इसमें बड़ी बात यह है कि उस वक्त इलाके के कई स्थानों पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत
घटना के बाद स्थानीय निवासी ने वसंत विहार की रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष को पत्र लिखकर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। वहीं, बुजुर्ग महिला के बेटे ने वसंत विहार थाने में चेन लूट की शिकायत दर्ज कराई है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस की ओर से शहर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाए जाने के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।