1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. युवाओं के हाथ में आया टैबलेट भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी, मनोरंजन का साधन नहीं : सीएम योगी

युवाओं के हाथ में आया टैबलेट भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी, मनोरंजन का साधन नहीं : सीएम योगी

युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

By शिव मौर्या 
Updated Date

लखनऊ। युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए।

पढ़ें :- 2027 में यूपी से योगी को, फिर 2029 में नरेंद्र मोदी को दिल्ली की सत्ता से हटाएंगें : असदुद्दीन ओवैसी

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई के साथ युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट का महत्व समझाते हुए कहा कि यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनका भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी है। इसका इस्तेमाल ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए। डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करें और अपने कौशल को विकसित करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की जरूरत और मांग के अनुरूप अपनी नीति में बदलाव करते हुए स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

टैबलेट में युवा साथी ऐप, सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी

सीएम योगी ने बताया कि टैबलेट में युवा साथी ऐप के माध्यम से युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। इसमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी योजनाएं उपलब्ध हैं। इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक निशुल्क पाठ्यक्रम भी दिए गए हैं। युवा अपनी रुचि के अनुसार योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप टेक और अन्य विषयों का अध्ययन कर सकते हैं।

पढ़ें :- यूपी में बिना प्रदूषण जांच के प्रमाण पत्र जारी करने वाले 20 केंद्रों का लाइसेंस निलंबित,परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन का बड़ा एक्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रतिवर्ष दो लाख से अधिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के स्नातक तैयार कर रहा है। इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी वैश्विक कंपनियां प्रदेश के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।

बिरसा मुंडा की जयंती पर युवाओं को याद दिलाई ताकत

मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने का औचित्य बताते हुए कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं और देश की स्वाधीनता का शंखनाद किया था। मातृभूमि, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने संघर्ष किया। आज उसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप नए भारत के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के सबसे बड़े आध्यात्मिक युवा आइकॉन हैं। उनके नाम पर ही युवा सशक्तीकरण अभियान शुरू किया गया। 25 दिसंबर 2021 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत हुई थी। उस समय कोरोना महामारी के कारण पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित हो रही थीं। सरकार ने तय किया कि महामारी के बावजूद विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं में व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं।

सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है। देश की करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जबकि उत्तर प्रदेश में युवाओं की हिस्सेदारी 56 से 60 प्रतिशत तक है। उन्होंने भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध, आदि शंकराचार्य, अभिमन्यु, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद और अन्य क्रांतिकारियों के उदाहरण देकर युवाओं को संकल्प और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा’

पढ़ें :- सीएम योगी ने अग्निवीरों को 20 फीसदी आरक्षण, शहीद परिवार को 50 लाख, वीरता पुरस्कार राशि दोगुनी करने का किया ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर और पहचान बदल दी है। अब यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा और यूपी में है सब चंगा। जो माफिया थे, वे मिट्टी में मिल गए और दंगाई दुबक गए। युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करने वालों और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि पहले यूपी का नाम सुनकर दूसरे राज्यों में लोग दूरी बना लेते थे, लेकिन आज प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है। बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर उत्तर प्रदेश देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। प्रदेश में 25 करोड़ से अधिक की आबादी को पिछली सरकारें बोझ मानती थीं, जबकि उनकी सरकार ने इसे डेमोग्राफिक डिविडेंड के रूप में देखा और युवाओं को अवसर देने का काम किया।

नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने जा रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा। देश में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 प्रतिशत का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश में हो रही है। 2017 से पहले प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।

उन्होंने लखनऊ की एचसीएल यूनिट का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 में वहां केवल 100 लोग काम करते थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना में भी प्रदेश के युवाओं को अवसर मिला है। एकेटीयू के माध्यम से 500 युवाओं का चयन हुआ। अमेठी में एके-203 राइफल का निर्माण और कानपुर में उसके पुर्जों का उत्पादन हो रहा है।

18 वर्ष के युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

पढ़ें :- राहुल गांधी के आरोपों को सैम पित्रोदा ने नकारा, बोले पीएम मोदी कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठे हैं...

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि जो भी युवा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का अभियान है। किसी अपात्र व्यक्ति का मतदाता बनना किसी पात्र व्यक्ति के अधिकार को छीनने का प्रयास है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारी दोनों समझनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब रूल ऑफ माफिया नहीं, बल्कि रूल ऑफ लॉ है। सुरक्षा, निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों का विस्तार ही युवाओं के सशक्तीकरण का आधार है। युवाओं के हाथ में दिया गया टैबलेट इसी बदलाव को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...