1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नौतनवा में आस्था का सैलाब, डूबते सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य

नौतनवा में आस्था का सैलाब, डूबते सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य

नौतनवा में आस्था का सैलाब, डूबते सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को नौतनवा कस्बे में भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। संध्या अर्घ्य के अवसर पर नगर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पढ़ें :- असदुद्दीन ओवैसी पर सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कसा तंज, बोले- यूपी के लोग जानते हैं उनकी पतंग की डोर कहां से हिलती है?

चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन शाम होते ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। हाथों में पूजा की डलिया, फल और प्रसाद लेकर व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान से सूर्य उपासना में जुटीं। आस्था और परंपरा का यह संगम देखते ही बन रहा था।

नगर पालिका अध्यक्ष ने घाटों का किया निरीक्षण

छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ नगर के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने घाटों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका कर्मचारियों को साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

पढ़ें :- युवाओं के हाथ में आया टैबलेट भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी, मनोरंजन का साधन नहीं : सीएम योगी

वहीं, छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। घाटों और आसपास के प्रमुख स्थानों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की चप्पे-चप्पे पर तैनाती रही। पुलिस जवान लगातार निगरानी करते रहे, ताकि भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

नगर पालिका की व्यवस्थाओं और पुलिस की मुस्तैदी के बीच नौतनवा में छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

पढ़ें :- तेज रफ्तार कार ने मचाई तबाही, टक्कर से हवा में उछली खड़ी गाड़ी; पैदल जा रही महिला को मारी टक्कर
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...