नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली की अदालत से सशर्त जमानत मिल गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शांति बनाए रखने के लिए बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने के बाद उन्हें रिहा किया जाएगा। दीपके को शुक्रवार को एहतियातन हिरासत में लिया गया था। वह कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने जा रहे थे।
पढ़ें :- दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके से साइन करवाया: क्या लिखा था नोटिस में ?
शनिवार को उन्हें मंदिर मार्ग स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
नेहा बोरा भी हिरासत में ली गई थीं
दिल्ली पुलिस ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को भी शुक्रवार को हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
रिहाई के बाद नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हिरासत में लेने की कार्रवाई को गैर-कानूनी बताते हुए सवाल उठाए। बोरा के मुताबिक, उन्हें मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया और सुबह पांच बजे तक थाने में रखा गया।
पढ़ें :- दिल्ली में तिरंगा मार्च से पहले हाई अलर्ट, कनॉट प्लेस में भारी पुलिस फोर्स तैनात
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कानून और नियमों के पालन का दावा करती है, लेकिन हिरासत की ऐसी घटनाएं इस दावे पर सवाल खड़े करती हैं। उनके मुताबिक, इस आंदोलन ने ऐसी कार्रवाइयों को सामने लाने का काम किया है।
पहले भी हिरासत में लिए गए थे दीपके
अभिजीत दीपके को इससे पहले 10 अक्टूबर को हवाई अड्डे पर भी हिरासत में लिया गया था। उस समय शांति भंग करने से जुड़ा अलग मामला दर्ज किया गया था। जानकारी के मुताबिक, तब उनसे एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए मुचलके पर हस्ताक्षर कराए गए थे।
CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने भी दीपके की हिरासत पर सवाल उठाए और उनकी रिहाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपके को घर के बाहर से हिरासत में लिया गया और शुरुआत में उनके परिवार को यह जानकारी नहीं दी गई कि उन्हें कहां रखा गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वकील को उनसे मिलने नहीं दिया गया।
कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ाई गई
पढ़ें :- तिरंगा लेकर जंतर-मंतर पहुंचे CJP कार्यकर्ता, हिरासत के बाद दीपके का PM मोदी को संदेश, बोले- ‘You cannot denotify the resistance’
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारू रखने के लिए करीब 150 लोगों को हिरासत में लिया गया। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पार्क के भीतर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है।