स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी चौकसी, डीएम-एसपी ने सोनौली बॉर्डर का लिया जायजा
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। देश विरोधी तत्वों की संभावित गतिविधियों और घुसपैठ की आशंका को देखते हुए महराजगंज जिले से लगी करीब 84 किलोमीटर लंबी नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। सोनौली सीमा पर एसएसबी और पुलिस की ओर से आने-जाने वाले लोगों, वाहनों और सामान की सघन जांच की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। नेपाल से भारत आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। वहीं, सोनौली सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोनौली सीमा का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने एसएसबी की सीमा चौकी पर पहुंचकर बॉर्डर की सुरक्षा में तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सीमा की सुरक्षा को लेकर सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बैठक की गई है। सोनौली सीमा से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि सीमा पर तैनात सभी सुरक्षा एजेंसियों को ग्राउंड लेवल पर पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस तक सीमा क्षेत्र में निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए देश विरोधी तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट