केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष को चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाने और उनकी समस्याएं समझने की सलाह दी...
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष को चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाने और उनकी समस्याएं समझने की सलाह दी। शाह ने कहा कि चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठाना विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का हिस्सा है। उनके बयान की 5 बड़ी बातें…
1. धरने-प्रदर्शन से चुनाव नहीं जीतेंगे
अमित शाह ने विपक्ष को सलाह दी कि अगर चुनाव जीतना है तो जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझनी होंगी। उन्होंने कहा कि धरने और प्रदर्शन करने से कुछ हासिल नहीं होगा। विपक्षी दलों को जहां उनकी सरकार है, वहां जनकल्याण की योजनाओं पर काम करना चाहिए।
2. हार के बाद वोट चोरी का आरोप लगाता है विपक्ष
शाह ने कहा कि भाजपा की जीत के बाद विपक्ष चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाने लगता है। उनके मुताबिक, वोट चोरी का मुद्दा उठाकर विपक्ष अपनी हार का बहाना बनाता है।
3. चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर घेरा
गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने पर चुनाव आयोग की आलोचना करता है, लेकिन अदालतों के फैसले अपने पक्ष में आने पर उन्हें सही बताता है। उन्होंने केरल, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में विपक्षी दलों की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी वही EVM और चुनाव आयोग थे।
4. बोले- 30 साल तक सरकार नहीं बना पाएंगे
अमित शाह ने विपक्ष की राजनीति पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के लंबे समय तक सत्ता में रहने की बात कहने पर भी विपक्ष वोट चोरी के आरोप लगाने लगता है। उन्होंने दावा किया कि नकारात्मक राजनीति के कारण विपक्ष अगले 30 साल तक सरकार नहीं बना पाएगा।
5. राहुल गांधी पर विदेश जाने को लेकर निशाना
शाह ने राहुल का बिना नाम लिए बोला कि उन्हें पता है कि वह उनकी बात नहीं सुन सकते, क्योंकि वह विदेश में कहीं बैठे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश जाना किसी का निजी मामला है, लेकिन दिल्ली आने पर उनकी बात सुननी चाहिए। शाह ने दोहराया कि अगले 30 साल तक विपक्ष की सत्ता में आने की बारी नहीं आएगी।