Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अतीक के बेटों अली-उमर को मिली पैरोल, अबान के जनाजे में होंगे शामिल, दोनों के साथ 50 जवान तैनात होंगे

अतीक के बेटों अली-उमर को मिली पैरोल, अबान के जनाजे में होंगे शामिल, दोनों के साथ 50 जवान तैनात होंगे

By Harsh 
Updated Date

प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बेटे अली और उमर शनिवार को जेल से बाहर आ गए। दोनों अपने छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होने प्रयागराज पहुंचेंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद अली को झांसी जेल और उमर को लखनऊ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया है।

पढ़ें :- मेरठ में CM योगी के कार्यक्रम से पहले संदिग्ध ड्रोन ने बढ़ाई चिंता, ATS ने संभाला मोर्चा

अली शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे झांसी जेल से निकला। उसे प्रयागराज ले जाने के लिए करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई है। जेल से निकलते समय अली की वैन पर पर्दे लगाए गए थे, ताकि उसका चेहरा नजर न आए। सुरक्षा के चलते मीडिया कर्मियों को भी जेल गेट से करीब 100 मीटर दूर रोक दिया गया।

वहीं उमर दोपहर करीब 12:30 बजे लखनऊ जेल से बाहर आया। उसकी वैन पर भी पर्दे लगाए गए हैं। उमर की सुरक्षा में 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। दोनों की वैन के आगे और पीछे पुलिस की गाड़ियां चल रही हैं। रास्ते में जिस थाना क्षेत्र से दोनों गुजरेंगे वहां की स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा में साथ रहेगी।

जेल से निकलने के बाद दोनों को सीधे प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। यहां अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके बाद अली और उमर अपने भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से पुलिस की मौजूदगी में करीब एक घंटे मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोनों को वापस जेल भेज दिया जाएगा।

चार शर्तों के साथ मिली पैरोल

पढ़ें :- भाई अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए जेल में बंद अली और उमर को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली पेरोल

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अली और उमर को पैरोल देने के साथ कुछ शर्तें भी लगाई हैं। दोनों मीडिया से बातचीत नहीं कर सकेंगे। सोशल मीडिया पर किसी तरह की गतिविधि करने पर भी रोक है। इसके अलावा वे किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं कर सकते और न ही किसी कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं।

बताया गया है कि करीब चार साल बाद दोनों को पहली बार पैरोल मिली है। लखनऊ और झांसी से प्रयागराज की दूरी को देखते हुए दोनों को पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे लग सकते हैं। ऐसे में अबान का अंतिम संस्कार शनिवार रात तक होने की संभावना है।

पिता अतीक के पास दफनाया जाएगा अबान

अबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया जाएगा। इसी कब्रिस्तान में अतीक के पिता फिरोज अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद की कब्र भी है।

भाई अली से मिलने जा रहा था अबान, रास्ते में हादसा

अबान की गुरुवार सुबह झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने के लिए प्रयागराज से झांसी जा रहा था। उसके साथ क्रेटा कार में चार दोस्त भी थे। बताया गया कि सुबह करीब 10:30 बजे हाईवे पर एक जानवर को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अबान और सोनू के शव एक ही एंबुलेंस से झांसी से प्रयागराज के हटवा गांव लाए गए। अबान की बुआ का घर इसी गांव में है। अतीक का घर गिराए जाने के बाद अबान यहीं रह रहा था।

Advertisement