Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भीम आर्मी का प्रदर्शन: राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, पेपर लीक और लाठीचार्ज की जांच की मांग

भीम आर्मी का प्रदर्शन: राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, पेपर लीक और लाठीचार्ज की जांच की मांग

By शिव मौर्या 
Updated Date

उन्नाव। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। संगठन ने 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और पेपर लीक व भर्ती घोटालों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

पढ़ें :- यूपी और बिहार के मुख्यमंत्रियों ने उन्नाव बस हादसे पर जताया दुख, सब-इंस्पेक्टर समेत छह लोगों की मौत और 21 घायल

भीम आर्मी के लखनऊ मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल गौतम ने कहा कि यह सरकार तानाशाह है, यह छात्रों की समस्याओं को नहीं सुनती है। केवल हिटलर शाही शासन चला रही है। मंडल उपाध्यक्ष विशाल गौतम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत कार्य कर रही है।

वहीं जिला संयोजक रवि बौद्ध ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नीट, जेईई, रेलवे, एसएससी, पुलिस भर्ती और शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उनके बीच निराशा का माहौल बन रहा है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर अभ्यर्थी शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हुए।

उन्होंने घटना की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार देता है। ऐसे में प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के विपरीत है।

पढ़ें :- उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस पलटी, सब-इंस्पेक्टर समेत छह लोगों की मौत और 21 घायल

संगठन ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने, पेपर लीक के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कानून लागू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जिला संयोजक रवि बौद्ध सहित भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

रिपोर्ट-मुकेश गौतम

Advertisement