छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर इलाके में शनिवार शाम घोंघा नदी में बहे तीनों बच्चों की तलाश रविवार सुबह पूरी हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू के दौरान एक-एक कर तीनों के शव बरामद किए। हादसे के बाद से पुलिस, ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम नदी में बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी...
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर इलाके में शनिवार शाम घोंघा नदी में बहे तीनों बच्चों की तलाश रविवार सुबह पूरी हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू के दौरान एक-एक कर तीनों के शव बरामद किए। हादसे के बाद से पुलिस, ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम नदी में बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम समडील निवासी आशुतोष जायसवाल और विजय जायसवाल की बेटियां रिद्धी और सिद्धी नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में पढ़ती थीं। शनिवार को स्कूल की छुट्टी करीब 4 बजे हुई। दोनों बहनों को घर लाने के लिए 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल साइकिल लेकर स्कूल पहुंचा था। छुट्टी के बाद वह दोनों बहनों को साइकिल पर बैठाकर वापस गांव के लिए निकला।
तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि घर लौटते समय तीनों बच्चे पुल से जाने के बजाय घोंघा नदी के रास्ते से निकल रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही पानी का बहाव तेज होने के कारण अनमोल साइकिल पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते तीनों बच्चे नदी के बहाव में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण नदी के आसपास पहुंच गए और अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने नदी में करीब एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक खोजबीन की। बाद में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। रात में भी तलाश जारी रही, लेकिन बच्चों का पता नहीं चल सका।
पुल के नीचे मिला पहला शव
रविवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम को सबसे पहले 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव पुल के नीचे मिला। इसके बाद नदी के आसपास के हिस्सों और बहाव वाले क्षेत्र में तलाश जारी रखी गई।
कुछ देर बाद 9 वर्षीय रिद्धी जायसवाल का शव एनीकट के पास बरामद हुआ। टीम ने सर्च ऑपरेशन आगे बढ़ाया तो 8 वर्षीय सिद्धि जायसवाल का शव भी मिल गया। तीनों शव मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया गया। तीनों चचेरे भाई बहन थे।
हादसे की खबर से समडील गांव में शोक का माहौल है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीण भी इस घटना से बेहद दुखी हैं। बताया जा रहा है कि रातभर ग्रामीण नदी के किनारे मौजूद रहकर बचाव दल के साथ बच्चों की तलाश में जुटे रहे।