डिजिटल, पर्दाफाश। फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में हुए खतरनाक कॉकपिट हमले के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हिम्मत की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। अब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से फोन पर बात कर उनकी बहादुरी की तारीफ की है। करीब छह मिनट की बातचीत में नेतन्याहू ने उन्हें भारत, इजराइल और पूरी दुनिया का हीरो बताया।
पढ़ें :- फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट की पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट सामने आईं, महिलाओं को लेकर रखता था सख्त विचार
नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को इजराइल आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि मैं आपको और अपने दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले इजराइली स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रण दे रहा हूं। यह समारोह मई 2027 में होना है। हालांकि इजराइल में मशाल जलाने वालों का औपचारिक चयन एक तय प्रक्रिया के तहत होता है।
‘पहले लगा विमान में कोई बड़ी खराबी हुई है’
बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने स्मित से पूछा कि आखिर फ्लाइट में क्या हुआ था। कैप्टन ने बताया कि उड़ान सामान्य थी। कुछ देर बाद ओमानी को-पायलट ने नमाज पढ़ने की बात कही, बहुत से लोकल लोग ऐसा करते है इसलिए मैंने इसे सामान्य समझा और वह कॉकपिट में पीछे जाकर नमाज पढ़ने लगा।
कुछ मिनट बाद सिर के पीछे अचानक जोरदार चोट महसूस हुई। इसके बाद लगातार हमले हुए। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या आ गई है लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आया कि हमला उनके साथ मौजूद को-पायलट ने किया है।
पढ़ें :- कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाला को-पायलट है ओमानी नागरिक, चरमपंथी समूह से जुड़े होने का शक
कैप्टन ने बताया कि उस वक्त उनकी नजर धुंधली हो गई थी और विमान तेजी से नीचे जा रहा था। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन पहली कोशिश में वह बंद कर दिया गया। बाद में वह दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिसके बाद दूसरे क्रू सदस्यों और यात्रियों को अंदर आने का मौका मिला और हमलावर को काबू किया जा सका।
विमान तेजी से नीचे आया, फिर यात्रियों ने संभाला मोर्चा
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान ओमानी को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया। घटना के दौरान विमान करीब 14 हजार फीट तक तेजी से नीचे आया। इसके बाद यात्रियों और क्रू की मदद से कॉकपिट पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया गया। विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।
कैप्टन स्मित घायल हुए और फिलहाल स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। घटना की जांच कई स्तरों पर जारी है। संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने बाद में इसे आतंकवादी कृत्य के प्रयास के तौर पर जांचे जाने की जानकारी दी है जबकि हमले के पीछे की पूरी वजह की जांच अभी जारी है।