चंडीगढ़: पंजाब की जेलों में सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार को मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में चंडीगढ़ के गवर्नर हाउस की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने YPS चौक के पास बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। प्रदर्शनकारी सिख बंदियों की रिहाई के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की भी मांग कर रहे थे।
पढ़ें :- Punjab : चुनावी रंजिश में AAP नेता गुरप्रीत गोपी की गोली मारकर हत्या, करीब घायल
ट्रैक्टर से बैरिकेड तोड़ने की कोशिश
प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने आगे बढ़ने के लिए ट्रैक्टर की मदद से पुलिस की बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने ड्रोन के जरिए भी आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हट गए। चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया, जिसमें कुछ जवान घायल हुए हैं। मौके पर डीसी निशांत यादव, डीजीपी सारगप्रीत हुड्डा और एसएसपी कंवरदीप कौर समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सिमरनजीत सिंह मान हिरासत में लिए गए
प्रदर्शन के दौरान शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान भी गवर्नर हाउस के पास पहुंच गए थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। तनाव को देखते हुए चंडीगढ़ और मोहाली के बीच आने-जाने वाले कई रास्तों को बंद कर दिया गया। दोनों तरफ भारी वाहनों को खड़ा कर बैरिकेडिंग की गई ताकि प्रदर्शनकारी चंडीगढ़ की ओर आगे न बढ़ सकें।
पढ़ें :- रेलवे ट्रैक पर CCTV, हथियार और पेट्रोल बम की तैयारी... अमृतसर में ISI आतंकी मॉड्यूल का खुलासा, चार नाबालिगों सहित नौ आरोपित गिरफ्तार
हवारा ने एक दिन पहले जारी किया था वीडियो
प्रदर्शन से एक दिन पहले शुक्रवार को जेल में बंद जगतार सिंह हवारा का एक वीडियो सामने आया था। इसमें उसने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील की थी। उसने प्रदर्शनकारियों से शरारती तत्वों से सावधान रहने और युवाओं से वालंटियर बनकर व्यवस्था बनाए रखने को कहा था।
मां से मिलने के लिए पैरोल मांग रहा हवारा
जगतार सिंह हवारा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह अपनी बीमार मां से मिलने के लिए पैरोल की मांग कर रहा है। पंजाब सरकार की ओर से राज्यपाल के पास उसकी 10 दिन की पैरोल की सिफारिश भेजी गई थी जिसे राज्यपाल ने आगे केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया। सरकारी सूत्रों के मुताबिक हवारा को पहले एक दिन की पैरोल दिए जाने की बात थी लेकिन उसने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। प्रदर्शन के बाद कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान किया है।